- Home
- /
- Mumbai: ठाणे के मुंब्रा इलाके के...
Mumbai: ठाणे के मुंब्रा इलाके के अस्पताल में लगी आग, 4 लोगों की मौत, 5 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में ठाणे के मुंब्रा स्थित प्राइम क्रिटिकेयर हॉस्पिटल में बुधवार सुबह आग लग गई। इस हादसे में एक वरिष्ठ नागरिक सहित चार लोगों की मौत हो गई। ठाणे पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न वाडरें में से 20 से अधिक रोगियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। बता दें कि इससे पहले पिछले हफ्ते मुंबई से लगभग 70 किलोमीटर दूर पालघर जिले के विरार में स्थित एक अस्पताल में आग लगने से 15 कोविड मरीजों की मौत हो गई थी। अस्पताल में कुल 20 मरीज भर्ती थे। जिनमें से 16 को नजदीकी बिलाल अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण अस्पताल के मीटर कक्ष में लगी। इसके बाद यह जल्द ही अन्य जगहों में फैल गई। इस अस्पताल को आवासीय भवन में संचालित किया जा रहा था। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय विधायक और गृहनिर्माण मंत्री जितेंद्र आव्हाड मौके पर पहुंचे और उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। जबकि गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रूपए की सहायता दी जाएगी। सरकार ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश भी दे दिए हैं। जांच के लिए गठित की जाने वाली समिति में स्थानीय मनपा के साथ पुलिस और चिकित्सा के क्षेत्र से जुड़े अधिकारी भी होंगे।
ठाणे महानगर पालिका ने कहा, आज लगभग 3:40 बजे ठाणे के मुंब्रा में प्राइम क्रिटिकेयर अस्पताल में आग लग गई। सूचना मिलने के बाद आग पर काबू पाने के लिए कम से कम आठ फायर टेंडर्स को काम पर लगाया गया। भोर होते—होते आग पर काबू पा लिया गया। मृतकों की पहचान यास्मीन ज़फर सैय्यद (46), नवाब एम. शेख (47), हलिमा बी. सलमानी (70) और सोनवणे के रूप में हुई है।
अस्पतालों में आग से इस साल गई 40 की गई जान
पिछले कुछ दिनों में अस्पतालों में आग लगने की घटनाएं लगातार हो रहीं हैं। 26 मार्च को मुंबई के भांडुप के सनराइज अस्पताल में आग लगने से 11 मरीजों की जान चली गई थी। 23 अप्रैल को पालघर के विरार में स्थित विजय वल्लभ अस्पताल में आग लगने से 15 मरीजों की मौत हो गई थी। इसके पहले बीते 9 जनवरी को भंडारा के सरकारी अस्पताल में आग लगने से 10 बच्चों की मौत हो गई थी। और अब मुब्रा के अस्पताल में आग के चलते चार मरीजों की जान गई है।
Created On :   28 April 2021 11:17 AM IST