- Home
- /
- पासपोर्ट विभाग की फर्जी वेबसाइट...
पासपोर्ट विभाग की फर्जी वेबसाइट बनाने वाला यूपी से गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। साइबर पुलिस ने पासपोर्ट विभाग की फर्जी वेबसाइट बनाने वाले एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है । गिरफ्तार आरोपी का नाम आलोक शुक्ला बताया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक एक कंपनी में कार्यरत महिला अधिकारी ने इस बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक महिला का पासपोर्ट 9 जनवरी 2021 को समाप्त हो रहा था। इसलिए उसने इंटरनेट पर पासपोर्ट वेबसाइट की खोज की तो वह पासपोर्ट विभाग की फर्जी वेबसाइट के चक्कर में फंस गई। इससे उसे 2999 रुपए की चपत भी लग गई।
फर्जी वेबसाइट पर महिला की निजी व बैंक से जुडी जानकारी भी ली गई थी। ठगी का शिकार होने के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। छानबीन के बाद आरोपी को पुलिस ने उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में एक गिरोह के काम करने की आशंका है। आरोपी इस गिरोह का एक सदस्य है। कोर्ट ने आरोपी को फिलहाल 22 मार्च 2021 तक पुलिस हिरासत में भेजा है। जहां उससे पूछताछ जारी है।
Created On :   20 March 2021 5:55 PM IST