- Home
- /
- नागपुर: गर्मी में कल से राहत की...
नागपुर: गर्मी में कल से राहत की उम्मीद , हवाओं के साथ हो सकती है बूंदाबांदी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर का तापमान फिलहाल 46 डिग्री सेल्सियस के आस-पास चल रहा है। पारा चढ़ा होने की वजह से लगातार गर्मी से संतरानगरीवासियों की हालात खराब हो रही है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार शनिवार से गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। मौसम में बदलाव के चलते 30 मई से हवाओं के साथ ही बूंदाबांदी की उम्मीद भी जताई जा रही है। शुक्रवार दोपहर को नागपुर में गर्म हवाएं चल रही थी जो लोगों को बाहर निकलने में खासी परेशानी खड़ी कर रही थी हालांकि दोपहर में एक-दो बार ऐसा भी हुआ कि बादलों ने सूर्यदेव को ढंक लिया लेकिन उसका कोई खास असर देखने को नहीं मिला। शहर की सुबह तेज धूप के साथ हुई जो दोपहर में कड़ी धूप के रूप में लोगों को झकझोर रही थी।
रात में भी गर्मी कर रही हलाकान
गुरुवार को अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत तापमान से के बराबर है। गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी दोपहर में गर्म हवाएं चल रहीं थी। लू के थपेड़े लोगों को गर्मी से बेहाल कर रहे थे। दिन-रात बुरी तरह तपने की वजह से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है जबकि गर्म हवा आग की तरह त्वचा में चुभ रही है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है जो मौसम को बदलकर गर्मी से कुछ हद तक राहत दे सकती है। मौसम विभाग ने नागपुर के अलावा विदर्भ के विभिन्न जिलों में अगले 3 दिनों में हवाओं के साथ ही गरज-चमक और बूंदाबांदी का अनुमान व्यक्त किया है।
Created On :   29 May 2020 3:59 PM IST