जमीनी विवाद के चलते हत्या कर पुलिया के नीचे छिपाया था शव

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। नवेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जंगलडेहरी के पास पुलिया के नीचे तीन दिन पहले अज्ञात युवक के शव के मामले में पुलिस ने अंधे हत्याकांड का खुलासा किया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जमीनी विवाद के चलते हत्या करना कबूल किया है।
गौरतलब है कि १४ जनवरी की सुबह जंगलडेहरी- बोमल्या के बीच पुलिया के नीचे अज्ञात युवक का शव मिला था। जिसकी पहचान खमारपानी चौकी के ग्राम गुरारखेड़ी निवासी दिलीप पिता जागलाल बरकड़े (३५) के रूप में हुई। नवेगांव थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय की टीम ने मंगलवार को हत्याकांड का खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि मृतक और उसके चाचा सुखलाल बरकड़े के बीच जमीनी विवाद चल रहा था। जिसके चलते सुखलाल बरकड़े ने अपने दामाद परसराम धुर्वे जंगलडेहरी निवासी और दोनों बेटे अनिल और सुनील के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने मृतक को जंगलडेहरी बुलाकर हत्या की, फिर वारदात को छिपाने शव पुलिया के नीचे फेंक दिया था। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लडक़ी दिखाने के बहाने बुलाया था घर
आरोपी परसराम ने मृतक को लडक़ी दिखाने के बहाने जंगलडेहरी बुलाया था। इसी बीच सुखलाल भी अपने दोनों बेटों के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने मृतक को शराब पिलाई, चाकू से हत्या करने के बाद शव को छिपाया और कपड़े, मोबाइल व अन्य दस्तावेज जला दिए थे।
Created On :   18 Jan 2023 4:01 PM IST