- Home
- /
- उत्तर नागपुर में ही रहेगा डॉ....
उत्तर नागपुर में ही रहेगा डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अस्पताल

डिजिटल डेस्क, नागपुर । उत्तर नागपुर स्थित डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अस्पताल में अति विशेषोपचार अस्पताल व अति विशेष स्वास्थ्य शिक्षा एवं अनुसंधान संस्था शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए राशि मंजूर हो चुकी है। निधि उपलब्ध नहीं होने से यहां विकास कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस बीच यहां के विस्तार कार्य पर रोक एवं अस्पताल व अनुसंधान केंद्र दूसरी तरफ स्थानांतरित करने की चर्चा शुरू हो गई थी। इसके विरोध में लोगों ने आंदोलन भी किए, लेकिन अब यह अस्पताल उत्तर नागपुर में ही रहेगा। इसकी पुष्टि करते हुए संबंधित अधिकारी ने बताया कि सरकार की मिहान के अासपास दूसरा अस्पताल बनाने की योजना है। संभवत: उसका नाम भी मिला-जुला होने से ऐसी अफवाह फैली थी। उत्तर नागपुर वासियों के लिए यह अस्पताल वहीं रहेगा।
सरकार बदली, तो नहीं मिला फंड : उत्तर नागपुर स्थित डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अस्पताल व अनुसंधान केंद्र में अति विशेषोपचार अस्पताल व अति विशेष स्वास्थ्य शिक्षा एवं अनुसंधान संस्था शुरू करने के प्रस्ताव को पिछले साल मंजूरी मिली थी। इस अस्पताल की श्रेणी बढ़ाई जाने वाली है। यहां 615 बिस्तर क्षमता का अस्पताल होगा। पिछले साल इसके लिए 1165 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है। इस राशि से अति विशेषोपचार अस्पताल व अति विशेष स्वास्थ्य शिक्षा एवं अनुसंधान संस्था तैयार करना था, लेकिन सरकार बदलने से सब कुछ ठंडे बस्ते में चला गया था। इस विस्तार योजना को फंड नहीं मिल पाया है। यहां 2005 से ओपीडी शुरू है। हर रोज 400 से 500 मरीजों का इलाज किया जाता है। नए प्रस्ताव के अनुसार यहां की 7.56 एकड़ जमीन पर नई अत्याधुनिक इमारत का निर्माण किया जाएगा। 8.50 एकड़ जमीन पर कर्मचारियों के लिए संकुल निर्माण की योजना बनाई गई है। इसके लिए फंड का इंतजार किया जा रहा है।
Created On :   12 Dec 2022 11:26 AM IST