- Home
- /
- बिलासपुर से नागपुर वंदेभारत ट्रेन...
बिलासपुर से नागपुर वंदेभारत ट्रेन को शहडोल से चलाने की उठी मांग

डिजिटल डेस्क शहडोल रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव के आदेश के 8 माह बाद भी शहडोल अंचल को नागपुर के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा नहीं मिलने पर सांसद हिमाद्री सिंह ने कहा कि दिल्ली जाकर इस संबंध में रेलमंत्री से फिर चर्चा करेंगे। सांसद ने दैनिक भास्कर को बताया कि वे 5 दिसंबर को दिल्ली जा रही हैं, वहां रेलमंत्री से मुलाकात कर उन्हे बताएंगी कि 28 मार्च को मुलाकात के दौरान शहडोल से नागपुर के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा 6 माह ट्रायल पर चलाए जाने के लिए आदेश देने की बात रेलमंत्री ने कही थी। बतादें कि शहडोल से नागपुर के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग कई वर्षों से की जा रही है। इस बीच रेलवे बोर्ड द्वारा जारी एक पत्र शनिवार को सोशल मीडिया में वायरल हुआ। इसमें बिलासपुर से नागपुर के बीच वंदेभारत एक्सप्रेस चलाए जाने की तैयारी है। इस ट्रेन को लेकर आदिवासी अंचल शहडोल के रेलयात्रियों ने मांग रखी कि इसे शहडोल से नागपुर के बीच चलाई जाए।
जबलपुर-नागपुर व्हाया शहडोल नई गाड़ी से मिल सकती है अंचल को सुविधा
रेल यात्रियों ने बताया कि शहडोल से ट्रेन चलाने में रेलवे के अधिकारी यहां वाशिंग पिट व दूसरी सुविधा नहीं होने की बात कहते हैं। ऐसे में जबलपुर से नागपुर व्हाया शहडोल ट्रेन चलाई जा सकती है। यह गाड़ी शाम 5 बजे जबलपुर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजे इतवारी पहुंचे और वहां से रात 9 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11बजे जबलपुर पहुंचे, फिर वह ट्रेन वंदेभारत भी हो सकती है।
बिलासपुर-नागपुर वंदेभारत एक्सप्रेस को शहडोल से चलाने की मांग
रेलवे बोर्ड से एक दिसंबर को जारी पत्र के अनुसार बिलासपुर से सुबह 6.45 बजे वंदेभारत एक्सप्रेस नागपुर के लिए रवाना होकर वहां दोपहर 12.15 बजे पहुंचेगी। वापसी में दोपहर 2.05 बजे रवाना होकर शाम 7.35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। अंचल के यात्रियों ने बताया कि इस ट्रेन को शहडोल से 3.45 बजे रवाना कर इसी समय पर नागपुर पहुंचाई जा सकती है। वापसी में यह गाड़ी रात 10.35 बजे शहडोल पहुंचेगी।
सांसद को दिल्ली जाकर रेलमंत्री को बताना चाहिए जिस ट्रेन को चलाने के लिए 28 मार्च को आदेश दिए थे, वह अब तक नहीं चली। बिलासपुर जोन के अधिकारियों ने बिलासपुर से नागपुर वंदेभारत ट्रेन की तैयारी कर ली।
-दीपक गौतम रेलयात्री
वंदेभारत एक्सप्रेस को शहडोल व्हाया अनूपपुर से भी नागपुर तक चलाई जा सकती है। इससे जनजातीय क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी। ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
-विनिता मिश्रा नागरिक
शहडोल संभाग के जनप्रतिनिधि सुविधाओं को लेकर गंभीर नहीं हैं, इसका नुकसान आदिवासी अंचल को हो रहा है। रेल अधिकारी अपनी सुविधा अनुसार टे्रन चला रहे हैं।
सलीम खान, सदस्य जेडआरयूसीसी बिलासपुर
Created On :   4 Dec 2022 4:44 PM IST