- Home
- /
- बड़चिचोली में मिली तेंदुए की...
बड़चिचोली में मिली तेंदुए की लाश,नेशनल हाईवे क्रॉस करते समय हुआ दुर्घटना का शिकार

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा/ पांढुरना। नागपुर भोपाल नेशनल हाईवे पर बड़चिचोली के समीप सड़क किनारे एक तेंदुए की लाश मिली है। तेंदुए के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। बताया जा रहा है कि संभवतः बीती रात रोड क्रॉस करते समय यह तेंदुआ किसी वाहन की चपेट में आ गया। जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
खबर मिलते ही गुरुवार की सुबह रेंजर प्रभु राम मुछाला बड़ चिचोली चौकी प्रभारी आशीष भीमटे सहित कई अधिकारी कर्मचारी घटनास्थल पहुंच गए। रेंजर प्रभु राम मुछाला ने बताया कि दुर्घटनास्थल को सील कर दिया गया है।
पशु चिकित्सा विभाग की एक टीम पहुंच रही है। इनके अलावा डॉग स्कॉड भी आ रहा है। घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। हालांकि प्रथम दृष्टया यह मामला दुर्घटना का ही लग रहा है, परंतु हर दृष्टिकोण से घटना को देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह तेंदुआ महाराष्ट्र सीमा से बड़चिचोली की ओर आया होगा। वन विभाग के अनुसार बड़चिचोली के जंगल में तेंदुआ नहीं है।
Created On :   29 Dec 2022 5:47 PM IST