- Home
- /
- कोरोना संक्रमित महिला ने अस्पताल के...
कोरोना संक्रमित महिला ने अस्पताल के बाथरुम में किया सुसाइड

डिजिटल डेस्क,मुंबई। कोरोना से पीड़ित एक 29 वर्षीय महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान आत्महत्या कर ली। महानगर पालिका के नायर अस्पताल में भर्ती महिला का शव अस्पताल के बाथरूम में दुपट्टे के सहारे लटका मिला। आग्रीपाड़ा पुलिस ने एडीआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वरली के जीजामाता नगर में रहने वाली एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए नायर अस्पताल के वार्ड नंबर 25 में भर्ती कराया गया था। बुधवार तड़के कोरोना संक्रमित महिला बाथरूम गईं थी।
महिला काफी देर तक बाहर नहीं निकली तो अस्पताल कर्मचारियों को शक हुआ। आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो सुबह पौने चार बजे के करीब दरवाजा तोड़ा गया। अस्पताल के कर्मचारियों और मरीजों ने महिला को दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर झूलता पाया। उन्हें फंदे से उतारकर डॉक्टरों ने जांच की तो महिला की मौत हो चुकी थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुची पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। महानगर में किसी कोरोना पीड़ित द्वारा आत्महत्या का पहला मामला है।
Created On :   15 April 2020 5:47 PM IST