- Home
- /
- Petrol Politics: प्रियंका गांधी के...
Petrol Politics: प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा साइकिल से ऑफिस पहुंचे, MP में कांग्रेस के नेता भी साइकिल से विधानसभा पहुंचे

डिजिटल डेस्क (भोपाल)। पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे और इससे आम जनता परेशान है। महंगाई भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में कांग्रेस लगातार बीजेपी सरकार पर निशाना साध रही है और खुलकर विरोध जताते हुए सड़कों पर उतर आई है। पहले आधे दिन बाजार बंद कराए और अब कांग्रेस के अधिकांश नेता साइकिल चलाकर विरोध दर्ज करा रहे हैं। दिल्ली में पेट्रोल-डीज़ल की बढ़ती कीमतों को लेकर अपना विरोध जताने के लिए रॉबर्ट वाड्रा साइकिल चलाकर अपने दफ़्तर पहुंचे। वहीं, मध्यप्रदेश में कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी, पीसी शर्मा और कुणाल चौधरी पेट्रोल-डीज़ल के बढ़ते दामों के विरोध में साइकिल से विधानसभा पहुंचे।
रॉबर्ट वाड्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आम आदमी बहुत मुश्किल में है। वो जो रोज महसूस करते हैं, मैं आज वो महसूस कर रहा हूं। पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें बढ़ने से लोग सड़क पर आ गए हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस के विधायक जीतू पटवारी ने कहा, "कल सभी विधायक गांधी प्रतिमा पर विरोध-प्रदर्शन करेंगे। सत्ता में बैठे लोगों में देश चलाने की क्षमता नहीं है।" मध्यप्रदेश में पेट्रोल 99 रुपए लीटर पहुंच चुका है।
#WATCH दिल्ली: पेट्रोल-डीज़ल की बढ़ती कीमतों को लेकर अपना विरोध जताने के लिए रॉबर्ट वाड्रा साइकिल चलाकर अपने दफ़्तर पहुंचे। pic.twitter.com/WpYW0PyWh7
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 22, 2021
मप्र विधानसभाध्यक्ष पद पर गिरीश गौतम निर्विरोध निर्वाचित
मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र शुरु हो गया है। विधानसभा का अध्यक्ष गिरीश गौतम को निर्विरोध चुना गया है। गौतम ने रविवार को नामांकन दाखिल किया था।
राज्य विधानसभा का बजट सत्र शुरु होते ही सबसे पहले विधानसभाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी हुई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य नेताओं ने देवतालाब से भाजपा विधायक गौतम को अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। नेता प्रतिपक्ष कमल नाथ ने पहले ही कांग्रेस की ओर से कोई उम्मीदवार न उतारने का ऐलान किया था। गौतम निर्विरोध निर्वाचित हो गए। गौतम को मुख्यमंत्री चौहान और नेता प्रतिपक्ष कमल नाथ आसंदी तक ले गए। साथ ही बधाई भी दी। राज्य विधानसभा का बजट सत्र केरोना महामारी के बीच हो रहा है, इसलिए तमाम एहतियात बरतते हुए यह सत्र आहूत किया जा रहा है। यह सत्र सोमवार से शुरु हो गया ओर 26 मार्च तक चलेगा। यह सत्र कुल 33 दिन का होगा और 23 बैठकें होंगी। इस दौरान आगामी वित्तीय वर्ष 2021-22 का बजट प्रस्तुत होगा तथा शासकीय और अशासकीय कार्य संपादित किए जाएंगे।
Created On :   22 Feb 2021 11:16 AM IST