- Home
- /
- चंद्रशेखर बावनकुले बने भाजपा के...
चंद्रशेखर बावनकुले बने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली/ मुंबई । केन्द्रीय मंत्री नितीन गडकरी के करीबी माने जाने वाले महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य चंद्रशेखर बावनकुले को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष और आशीष शेलार को मुंबई अध्यक्ष नियुक्त किया गया है । पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनकी इस नियुक्ति को हरी झंडी दे दी है। दोनों की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।
करीब 40 दिन बाद 9 अगस्त को शिंदे सरकार का मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ, जिसमें पार्टी के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इसके कारण प्रदेश अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया था। पाटील के मंत्री बन जाने से प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी चंद्रशेखर बावनकुले को मिलने की चर्चा थी। आज पार्टी के राष्ट्रीय नड्डा ने इस पद के लिए उनके नाम पर मोहर लगा दी है। वहीं मुंबई के अध्यक्ष मंगलप्रभात लोढ़ा की जगह आशिष शेलार को अब मुंबई शहर का भाजपा प्रमुख बनाया गया है। शेलार को मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिला है, लेकिन माना जा रहा है कि भाजपा आने वाले बीएमसी चुनाव को देखते हुए भाजपा ने उन्हें मुंबई भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
Created On :   12 Aug 2022 5:21 PM IST