- Home
- /
- चामोर्शी के 17 में से 9 प्रभागों...
चामोर्शी के 17 में से 9 प्रभागों में होगा महिला राज

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। आगामी कुछ ही दिनों में होने जा रहे नगर पंचायत के चुनाव के लिए सोमवार 15 नवंबर को आरक्षण ड्रा निकाला गया। इस प्रक्रिया में शहर के कुल 17 प्रभागों में से 9 प्रभागों में अब महिला राज दिखायी देगा। कुछ प्रभागों में आरक्षण से चुनावी चित्र भी बदल गए हैं। अनुसूचित जनजाति के लिए इस नपं में केवल एक ही प्रभाग के लिए आरक्षण घोषित किया गया है, जिससे इस प्रवर्ग के उम्मीदवारों को चुनाव के दौरान निराशा का सामना करना पड़ेगा। नपं के सभागृह में हुई इस प्रक्रिया के दौरान नियंत्रक अधिकारी के रूप में उपविभागीय अधिकारी यू. ए. तोडसाम, नपं मुख्याधिकारी माधुरी सलामे प्रमुखता से उपस्थित थे।
नपं के तहत कुल 17 प्रभागों का समावेश है। इनमें से प्रभाग क्रमांक 4 व 6 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है। इसमें प्रभाग 6 महिलाओं के लिए आरक्षित होकर प्रभाग 13 अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित किया गया है। कुल 9 प्रभाग महिलाओं के लिए आरक्षित किए जाने से अब नपं पर महिला राज होगा। 4 प्रभाग ओबीसी प्रवर्ग के लिए घोषित किया गया। आने वाले कुछ ही दिनों में चुनाव विभाग द्वारा नपं के चुनाव घोषित होंगे। आरक्षण ड्रा की घोषणा के बाद से ही चामोर्शी नगर पंचायत के चुनाव की सरगर्मियां तेज होती दिखायी दे रही है।
Created On :   16 Nov 2021 2:07 PM IST