जवाहर विद्यार्थी गृह संस्था के 6 पदाधिकारियों पर मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जवाहर विद्यार्थीगृह संस्था के अध्यक्ष समेत 6 पदाधिकारियों पर जमीन सौदे में धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। सदर पुलिस ने आरोपियों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
यह हैं आरोपी
जिन आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया उनमें संस्थाध्यक्ष रमेश भाऊराव गिरड़े (68), तिलक नगर निवासी, उपाध्यक्ष गुलाब नत्थूजी जुनानकर (67), सचिव शंकराव गोविंदराव भुते (66), त्रिमूर्तिनगर, संयुक्त सचिव मिलिंद वसंतराव माकड़े (65), सिविल लाइंस, कोषाध्यक्ष चंद्रकांत बलवंतराव ढोबले (64), नवाबपुरा, महल और ट्रस्टी प्रमोद मनोहरराव महाजन (63), नरेंद्र नगर नागपुर निवासी हैं।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार वाड़ी निवासी गंगाधर कचोरे ने सदर थाने में शिकायत की है। गंगाधर संस्था के कार्यकारी सदस्य थे। उन्होंने ही जमीन खरीद में धोखाधड़ी का भंडाफोड़ किया। गिरड़े, जुनानकर, भुते, माकड़े, ढोबले और महाजन ने छात्रावास और मैरिज हॉल के निर्माण के लिए सुराबर्डी में 1.29 करोड़ में तीन एकड़ कृषि भूमि खरीदी, पर आरोपियों ने कागजों में 43 लाख रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से जमीन खरीदी। कचोरे को जानकारी मिली कि, जमीन का वास्तविक रेट महज 30 लाख रुपए प्रति एकड़ है। नतीजतन, पदाधिकारियों ने सौदे में 39 लाख रुपए का गबन करने की जानकारी सामने आई। कचोरे ने कथित तौर पर सौदे पर आपत्ति जताई और दस्तावेज मांगे। पदाधिकारियों ने लेन-देन होने की बात कहकर कचोरे को दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए। तब कचोरे ने मार्च 2020 में रजिस्ट्रार कार्यालय से रजिस्ट्री की एक प्रति प्राप्त की। पश्चात कचोरे ने नवंबर 2021 में कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था। आरोपियों के खिलाफ सदर पुलिस ने आखिरकार धारा 420, 464, 467, 468 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Created On :   3 April 2023 11:41 AM IST