कांग्रेस ने रजनी पाटील, भाजपा ने संजय उपाध्याय को बनाया उम्मीदवार

By-election : Congress nominated Rajni Patil, BJP nominated Sanjay Upadhyay
कांग्रेस ने रजनी पाटील, भाजपा ने संजय उपाध्याय को बनाया उम्मीदवार
सातव के निधन से रिक्त राज्यसभा सीट कांग्रेस ने रजनी पाटील, भाजपा ने संजय उपाध्याय को बनाया उम्मीदवार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस नेता राजीव सातव के निधन के कारण रिक्त हुई राज्यसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा बीच सीधी टक्कर होगी। सोमवार को कांग्रेस ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए पार्टी की वरिष्ठ नेता रजनी पाटील को उम्मीदवार घोषित किया है। रजनी फिलहाल जम्मू-कश्मीर की कांग्रेस प्रभारी हैं। जबकि भाजपा के राज्यसभा उपचुनाव के मुंबई भाजपा महासचिव संजय उपाध्याय को मैदान में उतारा है। राज्यसभा उपचुनाव में सत्ताधारी महाविकास आघाड़ी की ओर से कांग्रेस उम्मीदवार रजनी पाटील और भाजपा उम्मीदवार उपाध्याय के बीच मुकाबला होगा। राज्यसभा की यह सीट विधानसभा के सदस्यों द्वारा निर्वाचित होगी। विधानसभा सदन में सत्ताधारी तीनों दलों के विधायकों के संख्यबाल के आधार पर महाविकास आघाड़ी का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। भाजपा के मुकाबले महाविकास आघाड़ी के पास स्पष्ट बहुमत हैं। उपचुनाव के लिए 22 सितंबर को उम्मीदवारों के नामांकन का आखिरी दिन है। 23 सितंबर को उम्मीदवारों के पर्चों की छानबीन होगी। जबकि 27 सितंबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। वहीं उपचुनाव के लिए 4 अक्टूबर को मतदान होगा।

कांग्रेस के राज्यसभा के सदस्य रहे राजीव सातव के निधन से उपचुनाव घोषित हुआ है। इसलिए समझा जा रहा है कि कांग्रेस की ओर से भाजपा से अपने उम्मीदवार का नामांकन वापस लेने का आग्रह किया जाएगा। अगर भाजपा उम्मीदवार उपाध्याय नामांकन वापस लेते हैं तो उपचुनाव निर्विरोध हो सकता है। महाराष्ट्र में हाल के वर्षों में राज्यसभा की सीटों के चुनाव निर्विरोध ही होते आए हैं। 

इसके पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने उपाध्याय की उम्मीदवारी की घोषणा की। पाटील ने बताया कि वे 22 सितंबर को उपाध्याय के नामांकन दाखिल करने के मौके पर मौजूद रहेंगे। अगले साल मुंबई समेत कई नगर निकायों के चुनाव होंगे। समझा जा रहा है कि भाजपा ने उपाध्याय को उम्मीदवारी देकर उत्तर भारतीयों को एक संदेश देने की कोशिश की है। दूसरी तरफ कांग्रेस उम्मीदवार रजनी पहले भी राज्यसभा और लोकसभा की सदस्य रह चुकी हैं। रजनी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व गांधी परिवार की बेहद करीबी माना जाती हैं। रजनी कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं को पीछे छोड़कर उम्मीदवारी पाने में सफल रही हैं। संभावना जताई जा रही थी कि कांग्रेस पूर्व सांसद राजीव सातव की पत्नी प्रज्ञा सातव को राज्यसभा में भेजेगी। लेकिन कांग्रेस ने रजनी पाटील को उम्मीदवारी दी है। इससे कांग्रेस ने रजनी पाटील का नाम विधान परिषद की राज्यपाल कोटे की सीटों के लिए भी भेजा था। हालांकि अभी तक राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने इन नामों को मंजूरी नहीं दी है।  

महाराष्ट्र विधानसभा में सदस्यों का संख्याबल 

शिवसेना - 56
राकांपा – 53 
कांग्रेस – 43 
भाजपा- 106 
बहुजन विकास आघाड़ी - 3 
समाजवादी पार्टी -2 
एमआईएम – 2  
प्रहार शक्ति पक्ष- 2 
मनसे – 1 
कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया(मार्क्सवादी) - 1 
शेकाप -1 
स्वाभिमानी पक्ष – 1 
राष्ट्रीय समाज पक्ष -1 
जनसुराज्य शक्ति पक्ष -1 
क्रांतिकारी शेतकरी पक्ष-1 
निर्दलीय- 13  
रिक्त  1   

कुल - 288 

 

Created On :   20 Sep 2021 1:39 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story