- Home
- /
- 21 से शुरु होगी भाजपा की दूसरे चरण...
21 से शुरु होगी भाजपा की दूसरे चरण की महाजनादेश यात्रा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत भाजपा की ओर से निकाली गई महाजनादेश यात्रा का दूसरा चरण बुधवार 21 अगस्त से शुरु होगा। 4 चरण में निकाली जानेवाली इस यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया था। राज्य में बाढ़ प्रभावितों को सहायता के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के चलते यह यात्रा रोकी गई थी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अलावा अन्य मंत्रियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। लिहाजा दूसरे चरण की शुरुआत निर्धारित समय से विलंब से हो रही है। महाजनादेश यात्रा के तहत भाजपा विधानसभा क्षेत्र स्तर पर जनसंपर्क कर रही है। मुख्यमंत्री फडणवीस यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। यात्रा के लिए दो प्रचार रथ सजाए गए हैं। जनसंपर्क के तहत रोड शो व छोटी सभाओं का आयोजन भी किया जा रहा है।
अमरावती के मोझरी से आरंभ हुई यह यात्रा पहला चरण पूरी कर चुकी है। यात्रा में भाजपा के सांसद, विधायक के अलावा अन्य चुने हुए जनप्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। सरकार की योजनाओं का प्रचार किया जा रहा है। यात्रा के माध्यम से लोगों को मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करने का मौका दिया जा रहा है। नागपुर, भंडारा, गोंदिया, गडचिरोली व चंद्रपुर जिले में यात्रा हो चुकी है। दूसरे चरण की यात्रा 11 दिन की होगी। यात्रा में 14 जिलों के 55 विधानसभा क्षेत्रों में संपर्क किया जाएगा।
पहले यह यात्रा 17 अगस्त को शुरु होनेवाली थी। अब 21 से 31 अगस्त तक यात्रा निकाली जाएगी। विदर्भ के बुलढाणा, मराठवाड़ा के बीड, औरंगाबाद, जालना, परभणी, हिंगोली, नांदेड, लातूर व उस्मानाबाद पश्चिम महाराष्ट्र के सोलापुर, उत्तर महाराष्ट्र के नंदूरबार, धुले, जलगांव, अहमदनगर में याात्रा पहुंचेगी। इस यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री फडणवीस 1,839 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। यात्रा प्रमुख सुजितसिंह के अनुसार यात्रा में माध्यम से लोगों सरकार से अपेक्षाओं का भी जायजा लिया जा रहा है। जिला स्तर पर जनअपेक्षाओं का डाटा तैयार किया जा रहा है।
Created On :   19 Aug 2019 12:21 AM IST