तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। देहात थाना क्षेत्र के गांगीवाड़ा से लगे पेट्रोल पंप के समीप बुधवार रात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रुप से घायल बाइक सवार को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रधान आरक्षक लीलाधर कुसमरिया ने बताया कि परासिया निवासी २८ वर्षीय दीपक पिता सुरेश साहू गल्ले का व्यापार करता था। बुधवार को दीपक साहू गांधीगंज आया था। यहां से लौटते वक्त गांगीवाड़ा के समीप रात लगभग १०.३० बजे किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दीपक साहू को गंभीर चोट आई थी। घायल दीपक को जिला अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
इलाज के दौरान युवक की मौत-
अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि १४ मार्च को शिवपुरी निवासी ३२ वर्षीय विकास पिता रामगोपाल बुनकर को उसके परिजनों ने बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान विकास बुनकर की मौत हो गई। संभावना जताई जा रही है कि विकास ने जहर का सेवन किया था, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
Created On :   17 March 2023 3:12 PM IST