- Home
- /
- अकोला और चंद्रपुर में बनेगी नई भारत...
अकोला और चंद्रपुर में बनेगी नई भारत रिजर्व बटालियन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अकोला और चंद्रपुर में नई भारत रिजर्व बटालियन बनाई जाएगी। वहीं अहमदनगर में राज्य आरक्षित पुलिस बल का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश के वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने इससे संबंधित प्रस्ताव को राज्य मंत्रिमंडल के सामने पेश करने का निर्देश गृह विभाग को दिया है।
सोमवार को मंत्रालय में मुनगंटीवार की अध्यक्षता में बैठक हुई। मुनगंटीवार ने बताया कि महाराष्ट्र में फिलहाल औरंगाबाद, गोंदिया, कोल्हापुर में भारत रिजर्व बटालियन कार्यान्वित है। इस बटालियन के लिए केंद्र सरकार निधि देती है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अब राज्य में दो और भारत रिजर्व बटालियन बनाने की मंजूरी दी है। हर एक बटालियन के लिए 1007 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई है।
मुनगंटीवार ने बताया कि अकोला के तेल्हारा तहसील के तलेगांव वडनेर स्थित मनात्री बगु और नक्सल प्रभावित जिले के रूप में चंद्रपुर के पोंभूर्णा में भारत रिजर्व बटालियन बनाई जाएगी। जबकि अहमदनगर के जामखेड तहसील के कुसडगांव में राज्य आरक्षित पुलिस बल का निर्माण किया जाएगा। मुनगंटीवार ने चंद्रपुर के जिलाधिकारी आशुतोष सलिल को गृह विभाग से समन्वय बना करके बटालियन के लिए जगह निश्चित करने का आदेश दिया है।
1 मई को होगा एसटी कर्मचारियों का वेतन करार
इसके अलावा राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) के कर्मचारियों का नया वेतन करार 1 मई को किया जाएगा। प्रदेश के परिवहन मंत्री व एसटी महामंडल के अध्यक्ष दिवाकर रावते ने यह घोषणा की। सोमवार को रावते ने मुंबई सेंट्रल स्थित एसटी महामंडल के मुख्यालय में सभी एसटी कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक की। रावते ने कहा कि एसटी कर्मचारियों को स्वीकार होगा, ऐसे सम्मानजनक वेतन करार 1 मई को किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नए वेतन करार में फिलहाल कार्यरत लगभग 60 हजार कनिष्ठ वेतन श्रेणी धारक कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन वृद्धि का प्रावधान किया जाएगा। रावते ने कहा कि नया वेतन करार साल 2016 से 2020 के लिए होगा। वेतन करार को ऐतिहासिक और सम्मानजनक बनाने के लिए सभी एसटी कर्मचारियों को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी एसटी कर्मचारी संगठनों को वेतन बढ़ोतरी को लेकर कर्मचारियों के बीच पैदा हुई भ्रम की स्थिति को दूर करना चाहिए।
Created On :   2 April 2018 11:24 PM IST