- Home
- /
- कांग्रेस पर दबाव बनाने मुख्यमंत्री...
कांग्रेस पर दबाव बनाने मुख्यमंत्री से मिले अब्दुल सत्तार, बोले- औरंगाबाद से लडूंगा निर्दलीय

डिजिटल डेस्क, मुंबई। औरंगाबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य सुभाष झांबड को टिकट दिए जाने से नाराज कांग्रेस के सिल्लोड विधायक अब्दुल सत्तार पार्टी पर दबाव बनाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। शनिवार देर रात करीब दो बजे सत्तार ने मुख्यमंत्री और भाजपा नेता व प्रदेश के जलसंसाधन मंत्री गिरीश महाजन के साथ वर्षा में बैठक की। रविवार को पत्रकारों से बातचीत में सत्तार ने कहा कि मैं औरंगाबाद सीट से निर्दलीय चुनाव लडूंगा। मैं सोमवार को कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे दुंगा। उन्होंने कहा कि मैंने विधायक पद से इस्तीफा पहले ही दे दिया है जिसको अभी तक स्वीकार नहीं किया गया है। सत्तार ने कहा कि मैं भाजपा में शामिल नहीं होऊंगा। मैं मुख्यमंत्री के पास मदद मांगने के लिए नहीं गया था।
मुख्यमंत्री ने मेरे कन्नड विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए साढ़े चार साल में काफी निधि दी है। इसके लिए मैंने उनका आभार प्रकट करने गया था। कांग्रेस पर दबाव बनाने के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के सवाल पर सत्तार ने कहा कि मैंने कांग्रेस छोड़ रहा हूं तो तो कांग्रेस पर क्यों दबाव डांलू। मुझे औरंगाबाद सीट से लोकसभा चुनाव लड़ना था। मैंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे के सामने चुनाव लड़ने की इच्छा प्रकट की थी। लेकिन दिल्ली में चव्हाण का सम्मान नहीं किया जा रहा है तो मैं इसका क्या जबाव दूं। हमारी राजनीतिक जीवन चव्हाण पर निर्भर है। चव्हाण हमें यहां पर आश्वासन देते हैं लेकिन दिल्ली में उनके आश्वासन को पलट दिया जाता है। सत्तार ने कहा कि मेरी झांबड की उम्मीदवारी को लेकर पहले से ही विरोध रहा है। यह बात सभी लोग जानते हैं। सत्तार ने कहा कि मुझे औरंगाबाद के सांसद चंद्रकांत खैरे को हराना है। खैरे को हारने के लिए मजबूत उम्मीदवार की जरूरत है। इसलिए मैं निर्दलीय चुनाव लड़ रहा हूं।
Created On :   24 March 2019 8:15 PM IST