आग में 800 क्विंटल कपास जलकर खाक

डिजिटल डेस्क, पथ्रोट ( अमरावती)। परतवाड़ा-अकोला मार्ग पर स्थित पथ्रोट के अलबाग की श्याम कॉटन इंडस्ट्रीज में भीषण आग लग गई। इसमें 800 क्विंटल कपास खाक हो गया। नुकसान का शुरुआती अनुमान 60 लाख रुपए से अधिक बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्याम कॉटन इंडस्ट्रीज में 10 जनवरी को दोपहर 2 से 4 बजे के बीच जब मजदूर हमेशा की तरह मशीन पर काम कर रहे थे, तभी अचानक उसमें आग लग गई। कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सभी मजदूरों ने भागदौड़ कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। अंजनगांव और अचलपुर से भी दमकल को बुलाया गया। आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से लगभग 60 लाख से अधिक का नुकसान होने की जानकारी मिली है। आग लगने के सही कारण का पता नहीं चल सका है। पथ्रोट पुलिस एवं राजस्व मंडल के पटवारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा किया।
Created On :   11 Jan 2023 3:30 PM IST