नागपुर में 5 माह बाद एक्टिव मरीज 100 के पार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उपराजधानी में अब फिर से कोरोना पांव पसारने लगा है। इससे नागरिकों को साथ ही जिला प्रशासन चिंता बढ़ रही है। जिले में धीरे-धीरे कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। 196 दिन बाद यानी साढ़े छह महीने बाद रविवार को कोरोना के 25 पॉजिटिव मरीज मिले। वहीं, 161 दिन यानी 5 महीने 11 दिन बाद कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 101 हो चुकी है।
नए पॉजिटिव में सभी मरीज शहर के : रविवार को 241 सैंपल की जांच में 25 सैंपल पॉजिटिव पाए गए। इसमें सभी मरीज शहर के हैं। इस दिन 7 मरीज स्वस्थ हुए हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 101 हो चुकी हैं। कोरोना रिकवरी दर 98.23 प्रतिशत है। रविवार को शहर में कोरोना से कोई मौत दर्ज नहीं है। एक्टिव मरीजों में लक्षणवाले 24 मरीज विविध अस्पतालों में भर्ती हैं। सर्वाधिक 8 मरीज मेडिकल में भर्ती हैं। वहीं, गृह विलगीकरण में 77 मरीज हैं।
11 मार्च 2020 को मिला था पहला मरीज : कोरोना की दूसरी लहर में मरीजों के जो हाल हुए थे, उससे स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खुल गई थी। नागपुर में 11 मार्च 2020 को कोरोना का पहला मरीज मिला था। 7 अप्रैल को कोरोना से पहली मौत हुई थी। दो साल की त्रासदी के बाद कोरोना का प्रकोप खत्म हो गया था। इसी साल 2023 के फरवरी महीने से कोरोना के इक्का-दुक्का मरीज मिलना शुरू हुए। बीते माह के अंतिम दिवस 31 मार्च को 22 मरीज मिले। शनिवार 1 अप्रैल को 22 मरीज मिले। 23 अक्टूबर 2022 को सक्रिय मरीजों की संख्या 134 थी। इसके 5 महीने 11 दिन बाद यह संख्या 101 हो गई है। जिले में 18 सितंबर 2022 को 29 पॉजिटिव पाये गए थे। इसके साढ़े छह महीने बाद 2 अप्रैल को यह संख्या 25 हो गई है। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रतिबंधक उपाय योजना के नियमों का पालन करने का आह्वान जिला प्रशासन ने किया है।
Created On :   3 April 2023 9:58 AM IST