दुर्घटना रोकने नागपुर में टैक्टिकल अर्बनिज्म ट्रायल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बार-बार होने वाली दुर्घटनाएं और बेवजह जान गंवाने की घटनाओं में दिन-ब-दिन बढ़ोतरी हो रही है। इसे रोकने के लिए सेव लाइफ फाउंडेशन द्वारा ‘टैक्टिकल अर्बनिज्म ट्रायल’ की शुरूआत नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी की उपस्थिति में कल्पना टॉकीज, मानकापुर में की गई। न्यूयॉर्क टाइम्स स्क्वेयर से लेकर सब सहारन अफ्रीका तक टैक्टिकल अर्बनिज्म विश्व के रास्ते अधिक सुरक्षित करने के लिए उपयोग में लाई जाने वाली पद्धति है। इस पद्धति का उपयोग दुनिया भर में किया जा रहा है। अब इस उपाय योजना को भारत के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। इसके लिए प्रायोगिक तत्व पर कल्पना टॉकीज चौक का चयन किया गया है।
कम खर्च, अधिक सुरक्षा : स्थानीय मनोरुग्णालय और कल्पना टॉकीज चौक में 2019 से 2022 के बीच 13 दुर्घटनाएं हुई हैं। इसमें पांच लोगों की जान गई। भीड़-भाड़ वाला चौराहा होने व दुर्घटना का प्रमाण अधिक होने से इस चौक का चयन किया गया। टैक्टिकल अर्बनिज्म (टीयू) जांच अस्थायी, जल्द और तुलना से कम खर्च की योजना है। इसमें सभी रास्ते उपयोग करने के लिए व रास्ते सुरक्षा सुधार के लिए शहरी रचना, यातायात नियोजन और बुनियादी बदलाव की जांच की जाती है। टेस्ट ड्राइव में पैदल, साइकिल सवार और अन्य वाहनों का शामिल किया जाता है। रास्तों पर ट्रायल्स के कारण यातायात मार्ग की समानता, रास्ते में बदलाव, यातायात सुधार, वाहनों की गति कम करना और पैदल सहित साइकिल चालकों की सुरक्षा पर जोर दिया जाता है।
इसलिए चौराहे का चयन : रोजाना इस चौराह से अनुमानित 6800 पैदल और 1 लाख 20 हजार वाहन गुजरते हैं। मानकापुर स्टेडियम सहित इस चौक में चार बड़े अस्पताल हैं, जिस कारण काफी भीड़-भाड़ रहती है। अनेक फेरीवाले भी रहते हैं। इस क्षेत्र में ज्यादातर लोग दोपहिया, ऑटो रिक्शा, शेयर टैक्सी, बसों का इस्तेमाल करते हुए दिखते हैं।
अंतिम रिपोर्ट मंगाई है : गडकरी : कल्पना टॉकीज चौक पर टीयू ट्रायल के लिए भेंट देने पर केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने बताया कि ‘रास्ते सुरक्षा’ हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आज मैंने ट्रायल देखा है। अंतिम रिपोर्ट मंगवाई है। सेव लाइफ फाउंडेशन के संस्थापक व सीईओ पीयूष तिवारी ने कहा कि हम ग्लोबल टैक्टिकल अर्बनिज्म संकल्पना भारत में यातायात की परिस्थिति अनुसार तैयार की है।
इस तरह का रहेगा नियोजन : कल्पना टॉकीज चौक में टैक्टिकल अर्बनिज्म उपाय योजना अंतर्गत न सिर्फ क्रॉस वॉक्स और सार्वजनिक जगह का समावेश है, बल्कि पैदल चलने वालों को भी रूकने के लिए जगह दी जाएगी। अन्य उपयुक्त सुविधा में दोपहिया पार्किंग की सुविधा, ऑटो स्टैन्ड, विशेष पिकअप और ड्रॉप ऑफ जोन की सुविधा और सुनियोजित विक्रेताओं को जोन सहित बैठने की जगह का समावेश है। दावा है कि कल्पना टॉकीज चौक की पुनर्रचना के कारण पैदल चलने वालों की दुर्घटना का प्रमाण 16 प्रतिशत से कम होगा। पैदल चलने वालों के लिए सार्वजनिक जगह में 48 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होगी।
Created On :   3 April 2023 10:16 AM IST