- Home
- /
- विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा...
विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करेगी आप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रपति पद के लिए सोमवार को होने वाले चुनाव में आम आदमी पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को समर्थन करेगी। दरअसल, राष्ट्रपति चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर शनिवार को पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में मुख्यमंत्री केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह सहित आप के 11 सदस्य शामिल थे।
बैठक के बाद आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मीडिया को बताया कि बैठक में एकमत से तय किया गया कि राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव में पार्टी विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का भी हम सम्मान करते है, लेकिन चुनाव में हम विपक्ष के उम्मीदवार का ही साथ देंगे। पार्टी के सारे विधायक और सांसद 18 जुलाई को अपना मतदान सिन्हा को देंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह निर्णय लिया है। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की दो राज्यों दिल्ली और पंजाब में सरकार है। दोनों राज्यों से राज्यसभा में उसके 10 सदस्य हैं। पार्टी के कुल 152 विधायक हैं, इनमें से पंजाब में 92, दिल्ली में 62 और गोवा में 2 विधायक हैं। ये वोट राष्ट्रपति के नतीजों में कोई बड़ा उलटफेर तो नहीं कर सकते, लेकिन पार्टी का मकसद अपने सियासी रुख को साफ करना है।
Created On :   16 July 2022 8:01 PM IST