- Home
- /
- छत्तीसगढ़ के 30 और छात्र लौटे...
छत्तीसगढ़ के 30 और छात्र लौटे स्वदेश

डिजिटल डेस्क,रायपुर। रुस के हमले के चलते यूक्रेन में बड़ी संख्या में भारतीय फंसे हुए हैं, इनमें छत्तीसगढ़ के लोग भी शामिल हैं। गुरुवार को छत्तीसगढ़ के 30 छात्रों की और वापसी हुई। इस तरह अब तक 69 छात्र स्वदेश लौट चुके हैं।
आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी में बताया गया है कि यूक्रेन में फंसे छत्तीसगढ़ के 30 छात्र गुरुवार को नई दिल्ली लौटे हैं। अब तक प्रदेश के 69 छात्रों की यूक्रेन से सकुशल वापसी हो चुकी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर यूक्रेन से वापस आने वाले प्रदेश के छात्रों के लिए नई दिल्ली में व्यवस्था बनाई गयी है एवं छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वहां से उनके गृहनगर जाने के लिए सुविधाएं दी जा रही हैं।
नई दिल्ली स्थित आवासीय आयुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को 30 छात्र यूक्रेन से नई दिल्ली वापस लौटे हैं। सभी छात्र छत्तीसगढ़ भवन में कुछ देर ठहरने के बाद फ्लाइट से रायपुर के लिए रवाना हुए।
जानकारी के अनुसार छात्रों को सहायता प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर नई दिल्ली के छत्तीसगढ़ भवन में सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। इन छात्रों को वाहन, आवास और भोजन की सुविधा प्रदान की जा रही है। इसके अलावा, छात्रों को उनके गृहनगर वापस लाने के लिए हवाई टिकट सहित सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है।
(आईएएनएस)
Created On :   3 March 2022 9:00 PM IST