- Home
- /
- 800 मुनिया पक्षी के साथ 3 तस्करों...
800 मुनिया पक्षी के साथ 3 तस्करों को पकड़ा

डिजिटल डेस्क, रामटेक (नागपुर)। मुनिया प्रजाति के पक्षियों की तस्करी कर रहे तीन लोगों को वन विभाग के दस्ते ने दबोचा। वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उनके कब्जे से बड़ी संख्या में मुनिया पक्षी और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है।
गुप्त सूचना मिली थी
आरोपी तस्कर यशवंत देवराव डायरे (40) जूनी मंगलवारी निवासी है। वन विभाग के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्करों ने रामटेक वन परिक्षेत्र में मुनिया प्रजाति के पक्षियों का शिकार किया है और दोपहिया वाहन (क्र.एमएच 49 डब्ल्यू 4857) से तस्करी कर नागपुर की दिशा में ले जा रहे हैं। विभाग की टीम ने नागपुर-भंडारा महामार्ग पर माथनी टोल नाका के पास जाल बिछाया। संदेह होने से यशवंत और उसके साथियों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से मुनिया प्रजाति के करीब 800 पक्षी मिले। वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर पक्षी और दोपहिया वाहन जब्त किया गया है।
इन्होंने की कार्रवाई
रंगनाथ नाईकडे (मुख्य वनसंरक्षक, नागपुर), डॉ. भारत सिंह हाडा (उप वन संरक्षक, वन विभाग, नागपुर), हरविर सिंह (सहायक वन संरक्षक, रामटेक), नरेंद्र चांदेवार (सहायक वन संरक्षक) के मार्गदर्शन में अनिल भगत (वन परिक्षेत्र अधिकारी, रामटेक), गोमासे क्षेत्र सहायक रामटेक, स्वरूप सिंह केरवर, बी आर. तोमर, वन रक्षक ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
Created On :   14 Nov 2022 9:52 AM IST