मनपा कर्मचारियों का 14 से कामबंद आंदोलन

डिजिटल डेस्क, अमरावती। मनपा प्रशासन शासन नियम के अनुसार चलता है। उनके कर्मचारियों को शासन निर्णय से वेतन, भत्ते व अन्य लाभ मंजूर हैं। किंतु कर्मचारियों को 6वें वेतन आयोग की बकाया रकम, 7वें आयोग का बकाया महंगाई भत्ते की रकम, भविष्य निर्वाह निधि का हिसाब, कर्मचारियों का अंशदान, ब्याज समेत रकम का हिसाब, आश्वासित प्रगति योजना लागू करना, सेवा वरिष्ठता सूची तैयार करना, पेंशन बिक्री शुरू करना आदि महत्वपूर्ण मांगें शासन स्तर पर लंबित हैं। इससे मनपा कर्मचारी, कामगार संघ ने 14 फरवरी से बेमियादी काम बंद आंदोलन करने का निर्णय लिया है।
प्रेस बयान में मनपा कर्मचारी, कामगार संघ ने कहा है कि सरकार की अनदेखी के चलते मनपा में कार्यरत कर्मचारी अनेक वर्षों से आर्थिक लाभ से वंचित है। वह जब भी आंदोलन की बात करते हैं तो उन्हें केवल मौखिक अथवा लिखित आश्वासन मिलता है। किंतु उनकी मांगों पर गंभीरता से कोई निर्णय नहीं लेने के कारण मनपा के सभी कर्मचारी संगठन ने 14 फरवरी से काम बंद आंदोलन करने का निर्णय लिया है। आंदोलन के एक दिन पूर्व 13 फरवरी की शाम 5.45 बजे आंदोलनकारी सभी कर्मचारी अपना प्रभार विभाग प्रमुखों को सौंपेगे। यह जानकारी संगठन के महासचिव प्रहलाद कोतवाल, ़अध्यक्ष रमेश पांडे, कार्याध्यक्ष विराज दंदे, उपाध्यक्ष कमलाकर जोशी व प्रसिध्दि प्रमुख आकाश तिरथकर ने दी है।
Created On :   7 Feb 2023 6:24 PM IST