seoni News: कन्या आश्रम के छत का प्लास्टर गिरने से मचा हडक़ंप

कन्या आश्रम के छत का प्लास्टर गिरने से मचा हडक़ंप
  • बाल-बाल बची छात्राएं
  • अब सुधार के लिए कवायद
  • जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत घंसौर के सेलुआ कन्या आश्रम का मामला

seoni: जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत घंसौर के सेलुआ कन्या आश्रम में उस समय हडक़ंप मच गया, जब छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। घबराकर छात्राएं दूसरे कमरे में चले गर्इं और अधीक्षक को जानकारी दी। इधर, विभागीय अफसरों ने जल्द सुधार की बात कही है। ज्ञात हो कि बारिश के पूर्व कई भवनों का सुधार नहीं किया गया। ऐसे में बारिश के दौरान भी कई जगह सीपेज को लेकर शिकायतें भी मिली थी।

ये है घटना

जानकारी के अनुसार कन्या आश्रम सेलुआ में सुबह छात्राएं योगा के लिए आश्रम कैंपस में एकत्रित हुई थी। तभी एक कमरे में अचानक छत का प्लास्टर गिर गया। प्लास्टर गिरने से टेबल और पलंग क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के बाद छात्राओं को गांव के ही एक प्राइवेट कमरे में रखा गया है।

तिरपाल लगाकर चल रहा काम

कन्या आश्रम के भवन का काम वर्ष 2010 में किया गया था। मरम्मत आदि नहीं होने से भवन का लेंटर खराब होने लगा। पांच साल पहले से ही लेंटर से पानी सीपेज होने लगा था। इसके बाद से लेंटर में तिरपाल लगाकर काम चल रहा है।

इनका कहना है

मामला संज्ञान में आया है। आश्रम का लेंटर गिराकर नया लेंटर बनाया जाएगा। फिलहाल छात्राओं को निजी भवन में रखा गया है।

एसआर मेरावी, सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग

Created On :   25 Oct 2024 4:14 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story