सम्मान: साहित्य अकादमी का देवीदास सौदागर को युवा और भारत सासणे को बाल साहित्य पुरस्कार

साहित्य अकादमी का देवीदास सौदागर को युवा और भारत सासणे को बाल साहित्य पुरस्कार
  • समशेर आणि भूत बंगला को बाल साहित्य पुरस्कार
  • उसवण को युवा साहित्य पुरस्कार
  • 23 युवा लेखकों व 24 बाल साहित्यकारों का नाम अनुमोदित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली । साहित्य अकादमी ने शनिवार को वर्ष 2024 के लिए युवा एवं बाल साहित्य पुरस्कारों की घोषणा की। इसमें मराठी भाषा के लिए वरिष्ठ साहित्यकार भारत सासणे की 'समशेर आणि भूत बंगला' (उपन्यास) को बाल साहित्य पुरस्कार और तुलजापुर के देवीदास सौदागर की 'उसवण' (उपन्यास) को युवा साहित्य पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है।

साहित्य अकादमी के अध्क्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में कार्यकारी मंडल ने बैठक में वर्ष 2024 के लिए23 युवा लेखकों की पुस्तकों और 24 बाल साहित्यकारों को पुरस्कार के लिए अनुमोदित किया गया है। इन पुस्तकों को त्रि-सदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित चयन प्रक्रिया का पालन करते हुए पुरस्कार के लिए चुना है। संस्कृत भाषा के युवा पुरस्कार की घोषणा बाद में की जाएगी। दोनों पुरस्कारों के लिए एक उत्कीर्ण ताम्रफलक तथा 50,000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।

हिंदी के लिए युवा पुरस्कार गौरव पांडेय के कविता संग्रह 'स्मृतियों के बीच घिरी है पृथ्वी' को प्रदान किया जाएगा। अंग्रेजी के लिए के वैशाली की पुस्तक 'होमलेस ग्रोइंग अप लेसबियन एंड डिसलेक्सिक इन इंडिया', कोंकणी के लिए अद्वैत चंद्रकांत सालगांवकर के निबंध संग्रह 'पेडण्याचा सामारां' और उर्दू के लिए जावेद अंबर मिस्बाही के कहानी संग्रह 'स्टेपनी' को युवा पुरस्कार दिया गया है। जबकि हिंदी में बाल साहित्य के लिए देवेन्द्र कुमार की पुस्तक इक्यावन बाल कहानियां, अंग्रेजी में नंदिनी सेनगुप्ता की पुस्तक 'द ब्लू हॉर्स एंड अदर अमेजिंग एनिमल्स स्टोरिज फ्रॉम इंडियन हिस्ट्री', कोंकणी भाषा के लिए हर्षा सद्गुरु शेट्ये की उपन्यास 'एक आशिल्लें बायूल' एवं उर्दू के लिए शम्सुल इस्लाम फारुकी के कहानी संग्रह 'बर्फ का देस अंटार्कटिका' को पुरस्कृत किया गया है।

डॉ पुरुषोत्तम अग्रवाल को भाषा सम्मान पुरस्कार : साहित्य अकादमी ने वर्ष 2021 के लिए उत्तरी क्षेत्र से कालजयी और मध्यकालीन साहित्य में बहुमूल्य योगदान के लिए डॉ पुरुषोत्तम अग्रवाल को साहित्य अकादमी भाषा सम्मान देने की घोषणा की है। भाषा सम्मान से सम्मानित हिंदी के प्रख्यात आलोचक, विचारक और कहानीकार अग्रवाल को साहित्य अकादमी के अध्यक्ष द्वारा बाद में आयोजित एक विशेष समारोह में पुरस्कार स्वरूप एक लाख रुपये की राशि, उत्कीर्ण ताम्रफलक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जायेंगे।

Created On :   15 Jun 2024 1:51 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story