मध्यप्रदेश: नहीं रहे मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिता, 100 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, बुधवार को उज्जैन में होगा अंतिम संस्कार

नहीं रहे मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिता, 100 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, बुधवार को उज्जैन में होगा अंतिम संस्कार
  • सीएम मोहन यादव के पिता का निधन
  • उज्जैन की अस्पताल में अंतिम सांस
  • 100 साल थी आयु

डिजिटल डेस्क, उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव का मंगलवार को निधन हो गया। उन्होंने 100 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। वे बीते कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। जिसकी वजह से उनका उज्जैन की एक अस्पताल में इलाज चल रहा था।

बुधवार को होगा अंतिम संस्कार

पिता के निधन के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव गृहनगर उज्जैन पहुंच गए हैं। बुधवार को शिप्रा नदी के तट पर भूखीमाता मंदिर के पास उनका अंतिम संस्कार होगा। उनकी अंतिम यात्रा सुबह 11.30 पर गीता कॉलोनी से निकलेगी।

पूनमचंद यादव के बारे में उनके परिचित बताते हैं कि उन्होंने अपने जीवन का लंबा समय संघर्ष में बिताया। इस दौरान उनके पिता रतलाम से उज्जैन आ गए और सबसे पहले हीरा मिल में नौकरी की। उन्होंने मालीपुरा में भजिया और फ्रीगंज में दाल-बाफले की दुकान लगाई। 100 साल की आयु होने के बाद भी वे उपज बेचने खुद मंडी जाते थे।

मुख्यमंत्री के पिता का निधन होने पर राज्यपाल मंगुबाई पटेल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने दुख व्यक्त किया। राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने एक्स पर लिखा, 'मोहन यादव जी के पूज्य पिता जी के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'सिर से पिता का साया उठ जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। पूज्य पिताजी भले ही भौतिक रूप से साथ नहीं हैं, किंतु उनके आशीर्वाद की छांव सदैव आपके साथ है।'

पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिता के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री मोहन यादव जी के पूज्य पिताजी पूनमचंद यादव जी के निधन की खबर सुनकर अत्यंत दुख हुआ। भागवान उनको अपने श्री चरणों में स्थान दें।

Created On :   3 Sept 2024 6:11 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story