तीन भीषण हादसे: मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, एक महिला मृत, 11 घायल

मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, एक महिला मृत, 11 घायल
  • दो अन्य हादसों में दो लोगों ने गंवाई जान
  • ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत
  • सडक़ हादसे में घायल युवक की मौत

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तीन थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग तीन भीषण सडक़ हादसों में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। गुरुवार सुबह चांद के बतरी में मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटने से एक महिला की मौत हो गई। 11 महिला मजदूरों को चोट है। दूसरी घटना गुरुवार सुबह रेलवे स्टेशन के समीप हुई थी। यहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक युवक को रौंद दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। तीसरी घटना देहात थाना क्षेत्र की है। यहां सडक़ हादसे में घायल एक युवक की मौत हो गई। तीनों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, महिला मजूदर की मौत-

अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह बिछुआ के ग्राम जमुनियाकलां से मजदूर चांद के ग्राम सांबरबोह मजदूरी के लिए जा रहे थे। चांद के ग्राम बतरी के समीप ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में गंभीर रुप से घायल जमुनियाकला निवासी 48 वर्षीय गायत्री पति मेहंगलाल सरेयाम की मौत हो गई। हादसे में अकलोबाई, सनिया टेकाम, राजरानी, विनिता, छाया धुर्वे समेत 11 महिला मजदूरों को चोट आई है।

ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत-

पुलिस ने बताया कि हर्रई के ग्राम साठिया निवासी 32 वर्षीय अशोक पिता सुमरन उईके गुरुवार को खाद लेने छिंदवाड़ा आया था। रेलवे स्टेशन के समीप 407 वाहन खड़ा कर अशोक सडक़ पार कर रहा था। उसी वक्त एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दिया। हादसे में अशोक की मौत हो गई।

सडक़ हादसे में घायल युवक की मौत-

पुलिस ने बताया कि जुन्नारदेव के ग्राम बुर्रीखुर्द निवासी 53 वर्षीय श्रीराम पिता रोशनलाल धुर्वे का देहात थाना क्षेत्र में एक्सीडेंट हो गया था। हादसे में घायल श्रीराम की मौत हो गई। देहात पुलिस ने गुरुवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा है।

Created On :   14 Jun 2024 4:02 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story