सोना जीतने वाले नीरज चोपड़ा समेत 11 अन्य खिलाड़ियों को मिलेगा खेल रत्न

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टोक्यो ओलम्पिक 2021 के ग्लोडन बॉय एथलीट नीरज चोपड़ा को इस साल के मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। नीरज के साथ-साथ टोक्यो ओलिंपिक और पैरालिंपिक में आभा बिखेरने वाले अन्य खिलाड़ियों को भी देश के सर्वोच्च खेल रत्न से सम्मानित किया जाएगा। इनमें भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज, फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री भी शामिल हैं। इनके आलावा दस और खिलाडियों को सर्वोच्च खेल सम्मान के लिए चयनित किया गया है। नीरज चोपड़ा, मिताली राज, सुनील छेत्री के साथ ही रेसलर रवि दहिया, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश, बैडमिंटन के खिलाड़ी प्रमोद भगत, भाला फेंक एथलीट सुमित अंतिल, शूटर अवनी लेखरा, बैडमिंटन प्लेयर कृष्णा नागर और शूटर एम नारवाल आदि हैं। इनके अलावा शिखर धवन और अन्य 35 खिलाड़ियों का अर्जुन पुरस्कार के लिए चयन किया गया है।
नीरज के ऐतिहासिक प्रदर्शन को सम्मान
टोक्यो ओलिंपिक 2021 में भाला फेंक प्रतियोगिता में नीरज चोपड़ा ने 7 अगस्त को शानदार प्रदर्शन करते हुए 87.58 मीटर थ्रो के साथ भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अपना नाम लिखा था। नीरज ओलंपिक खेलों की व्यक्तिगत प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। इसके बाद ही उनका खेल रत्न पक्का माना जा रहा था।
रवि-लवलीना का शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मान
टोक्यों ओलंपिक में रेसलर रवि कुमार दहिया को पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती के 57 किलो भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीतने पर यह सम्मान मिल रहा है। मैरी कॉम के बाद दूसरी भारतीय महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन को भी उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। लवलीना ने टोक्यो में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
ओलिंपिक-पैरालिंपिक के खिलाड़ियों का भी होगा सम्मान
इनके इतर भारतीय हॉकी टीम को ओलिंपिक में मेडल जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गोलकीपर पीआर श्रीजेश को भी इस सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। वहीं टोक्यो पैरालिंपिक खेलों में शूटिंग प्रतियोगिता की स्वर्ण पदक विजेता 19 साल की शूटर अवनी लेखरा को खेल रत्न से सम्मानित किया जाएगा। पैरालिंपिक में ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 4 अन्य खिलाड़ियों का भी सम्मान किसा जाएगा। इनमें भाला फेंक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुमित अंतिल भी शामिल हैं। इसके अलावा कृष्णा नागर और प्रमोद भगत ने पुरुषों के बैडमिंटन का सोने का तमका जीता था। 20 वर्ष के मनीष नारवाल ने भी पिस्टल शूटिंग में स्वर्ण पदक जीता था।
मिताली राज का क्रिकेट में सफल कैरियर के लिए सम्मान
ओलंपिक विजेताओं के अलावा कई वर्षों से महिला क्रिकेट के लिए सबसे प्रसिद्धि पाने वाली दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी और कैप्टन मिताली राज को इस सम्मान के लिए चुना गया है। मिताली ने क्रिकेट में 10 हजार से अधिक रन बनाए हैं।
छेत्री को फुटबॉल में अहम योगदान के लिए खेल रत्न
भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम के सफल कप्तान सुनील छेत्री खेल रत्न से नवाजा जाएगा। वह देश के पहले ऐसे फुटबॉलर हैं जिन्हें यह सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने अपनी मेहनत से भारतीय फुटबॉल को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाया। वह देश के लिए सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय गोल दागने के मामले में अव्वल खिलाड़ी हैं। उन्होंने 125 मैचों में 80 गोल दागे हैं। वह अर्जेंटीना फुटबॉल टीम के कप्तान लियोनल मेसी के साथ सबसे अधिक गोल दागने के मामले में संयुक्त रूप से पांचवे पायदान पर हैं।
Created On :   27 Oct 2021 7:22 PM IST