एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024: भारतीय हॉकी टीम का जलवा जारी, जापान के खिलाफ दर्ज की 5-1 से जीत

भारतीय हॉकी टीम का जलवा जारी, जापान के खिलाफ दर्ज की 5-1 से  जीत
  • जापान के खिलाफ भारत की दूसरी जीत
  • अभिषेक-सुखजीत के शुरुआती 2 मिनट में किए दो गोल से मिली बढ़त
  • अगला मैच बुधवार को खेलेगी भारतीय टीम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में अपने दूसरे मैच में जीत दर्ज कर ली है। पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता टीम ने सोमवार को चीन के हुलुनबुइर में सीजन का दूसरा मुकाबला जापान के खिलाफ खेला। इस मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 5-1 से जापान की टीम को शिकस्त दी। अब भारत का अगला मुकाबला बुधवार 11 सितंबर को पिछले सीजन के उपविजेता मलेशिया के खिलाफ होगा।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम इस सीजन में काफी शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है। अपने पहले मैच में भारतीय टीम ने मेजबान चीन को 3-0 से मात दी थी। इस मैच में भारतीय डिफेंस ने चीन के गोल करने की हर कोशिश पर पानी फेर दिया था। डिफेंस के मजबूत होने की वजह से चीनी टीम अपना खाता खोलने में भी नाकाम रही थी।

भारतीय टीम ने शुरुआत से ही गेम पर अपना दबदबा बनाए रखा था। हरमनप्रीत एंड कंपनी ने मैच के शुरुआती 2 मिनट में दो गोल दाग जापान के सामने आक्रमक रूप का प्रदर्शन किया। पहला गोल टीम के फॉरवर्ड प्लेयर सुखजीत ने वहीं दूसरा गोल अभिषेक ने किया था। भारतीय धुरंधरों ने दूसरे क्वाटर में जापान के डिफेंस को चकमा देते हुए 17वें मिनट में तीसरा गोल मारा। इसी के साथ हाफ-टाइम तक भारत ने जापान के सामने 3-0 की बढ़त बना ली थी।

दूसरी तरफ जापानी खिलाड़ी भारतीय डीफेंस के सामने खाता खोलने के लिए जूझ रहे थे। आखिरकार वह पहला गोल करने में सफल हुए। जापानी खिलाड़ी कजुमासा मात्सुमोतो ने तीसरे क्वाटर में पहला गोल किया। भारतीय गोलकीपर कृष्ण पाठक इस गोल को रोकने का हरसंभव प्रयास किया लेकिन वह नाकामयाब रहे। इसी के साथ स्कोर 3-1 का हो गया।

गेम के चौथे क्वाटर में भारतीय खिलाड़ी विवेक सागर को चौथे गोल का बढ़िया अवसर मिला था लेकिन वह गोल करने से चूक गए। भारत के पाले में चौथा गोल उत्तम सिंह के स्टिक से गेम के 54वें मिनट पर आया। सुखजीत सिंह ने अपना दूसरा गोल दागते हुए टीम का स्कोर 5-1 कर दिया। इसी के साथ भारतीय टीम ने इस मैच में जीत हासिल करने में कामयाब रही।

Created On :   9 Sept 2024 12:43 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story