पेरिस ओलंपिक 2024: 'एक ऐसी उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी', भारतीय हॉकी टीम के मेडल जीतने पर बोले पीएम मोदी

एक ऐसी उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी, भारतीय हॉकी टीम के मेडल जीतने पर बोले पीएम मोदी
  • भारतीय हॉकी टीम ने रचा इतिहास
  • लगातार दूसरी बार जीता ब्रॉन्ज मेडल
  • पीएम मोदी, अमित शाह और राहुल गांधी ने दी बधाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। टीम ने लगातार दूसरे ओलंपिक में ब्रॉन्ज का तमगा हासिल किया। हनमनप्रीत की कप्तानी में ब्रॉन्ज मेडल के लिए खेले गए मुकाबले में भारत ने स्पेन को 2-1 से हरा दिया। इस रोमांचक मुकाबले में भारत की तरफ से कप्तान हरमनप्रीत ने दो गोल किए।

मैच के पहले क्वार्टर में कोई भी टीम कोई भी गोल नहीं कर सकी। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिले। भारतीय टीम की इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई नेताओं ने बधाई दी।

'इस उपलब्धि को आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "एक उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी! भारतीय हॉकी टीम ओलंपिक में चमकी, कांस्य पदक जीता! यह और भी खास है क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है। उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने अत्यधिक धैर्य दिखाया. खिलाड़ियों को बधाई। हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि इस खेल को हमारे देश के युवाओं के बीच और भी लोकप्रिय बनाएगी।"

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने अपने एक्स पर लिखा, "पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी हॉकी टीम को हार्दिक बधाई। यह पांच दशकों से अधिक समय के बाद है, जब भारत ने लगातार ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीता है। भारतीय हॉकी टीम ने देश को गौरवान्वित किया है. शाबाश, भारतीय हॉकी टीम।"

वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "हमारी पुरुष हॉकी टीम को पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बहुत-बहुत बधाई। आपका दमदार प्रदर्शन खेल के प्रति एक नया उत्साह जगाएगा। आपकी उपलब्धि ने तिरंगे का गौरव बढ़ाया है।"

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "आप सभी को कांस्य पदक जीतते हुए देखकर गर्व महसूस हो रहा है। धन्यवाद श्रीजेश उत्कृष्टता के प्रति आपकी अथक प्रतिबद्धता ने हमें प्रेरित रखा है।"

Created On :   8 Aug 2024 5:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story