लोकसभा चुनाव 2024: कौन हैं पूर्व कांग्रेसी नेता दिनेश प्रताप सिंह? जिन्हें बीजेपी ने रायबरेली से दोबारा बनाया है उम्मीदवार

कौन हैं पूर्व कांग्रेसी नेता दिनेश प्रताप सिंह? जिन्हें बीजेपी ने रायबरेली से दोबारा बनाया है उम्मीदवार
  • दिनेश प्रताप सिंह रायबरेली से लड़ेंगे चुनाव
  • बीजेपी ने गुरुवार को दिया टिकट
  • कांग्रेस ने अभी नहीं किया है अपने उम्मीदवार का ऐलान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बीजेपी ने रायबरेली सीट से यूपी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। दिनेश प्रताप पहले कांग्रेस में ही थे। लेकिन साल 2018 में उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था। इसके बाद साल 2019 के लोकसभा चुनाव में दिनेश प्रताप सिंह पहली बार सोनिया गांधी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरे। जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

दो बार कांग्रेस की ओर से रहे विधान परिषद

दिनेश प्रताप सिंह साल 2010 में यूपी विधान परिषद के सदस्य बने थे। इसके बाद साल 2016 में भी वह कांग्रेस की ओर से विधान परिषद के सदस्य बने थे। रायबरेली में जिला पंचायत के चुनाव में बीजेपी को जीत दिलाने में दिनेश प्रताप सिंह का बड़ा योगदान रहा है। रायबरेली सीट पर उनकी छवि लोकप्रिय नेताओं में शामिल है। उन्होंने अयोध्या में बने राम मंदिर के लिए 1.21 करोड़ रुपये की राशि दान दी थी। जिसके चलते वह अपने क्षेत्र में काफी चर्चा में आ गए थे। 56 साल के दिनेश प्रताप सिंह ने अपनी पढ़ाई रायबरेली के फिरोज गांधी कॉलेज से की है। साथ ही, उन्होंने कानपुर यूनिवर्सिटी से भी पढ़ाई की है।

लगातार सुर्खियों में बने रहते हैं दिनेश प्रताप

रायबरेली से एक बार फिर से बीजेपी ने दिनेश प्रताप सिंह पर भरोसा जताया है। जिस पर उन्होंने पार्टी को धन्यावाद दिया है। दिनेश प्रताप सिंह बीते कुछ दिनों से रायबरेली संसदीय क्षेत्र में काफी ज्यादा एक्टिव दिखाई दे रहे थे। माना जा रहा था कि बीजेपी दिनेश प्रताप पर एक बार फिर से भरोसा जता सकती है। इसके बाद गुरुवार को पार्टी ने रायबरेली सीट के लिए दिनेश प्रताप सिंह के नाम पर मुहर लगाई। जिसके बाद वह एक बार फिर सुर्खियों में आ गए।

नकली गांधियों की विदाई तय- दिनेश प्रताप

बीजेपी से टिकट मिलने के बाद उन्होंने कहा कि मैं गांधी परिवार में जन्म नहीं लिया हूं। मैंने चांदी के चम्मच से सोने की कटोरी में खाना नहीं खाया है। मैं गांव से जुड़ा आदमी हूं। उन्होंने आगे कहा कि इस बार रायबरेली से नकली गांधियों की विदाई होगी।

बता दें कि, रायबरेली सीट पर 20 मई को पांचवे चरण में चुनाव होगा। इस सीट पर कांग्रेस की ओर से अभी तक पत्ते नहीं खोले गए हैं। माना जा रहा है कि यहां से कांग्रेस प्रियंका गांधी को टिकट दे सकती है। हालांकि, अभी तक कांग्रेस ने इस मामले में फाइनल मुहर नहीं लगाई है। शुक्रवार को इस सीट पर नामांकन की अंतिम तारीख है।

Created On :   2 May 2024 4:47 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story