यूपी विधानसभा शीतकालीन सत्र: 'इन्हें उठाकर बाहर फेंक दीजिए...', हंगामा कर रहे सपा विधायक अतुल प्रधान पर भड़के स्पीकर महाना

- यूपी विधानसभा का शीतकालीन सत्र जारी
- अतुल प्रधान और राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण में जमकर हुई कहासुनी
- स्पीकर ने सपा विधायक को किया निष्कासित
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। यूपी विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है। बुधवार को बहस के दौरान सदन का माहौल उस समय गरमा गया जब सदन में हंगामा कर रहे सपा विधायक अतुल प्रधान को स्पीकर सतीश महानाने मार्शलों द्वारा बाहर निकालने का आदेश दे दिया।
दरअसल, विधानसभा में स्वास्थ्य के मुद्दे पर बहस चल रही थी। इस बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के लोगों में बहस हो गई। अतुल प्रधान और राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण में जमकर कहासुनी हुई। जिसपर स्पीकर ने दखल दिया तो हंगामा होने लगा।
जब टोकने पर भी अतुल प्रधान नहीं माने तो स्पीकर महाना गुस्से में आकर अपने आसन से खड़े हो गए और उन्होंने सपा विधायक को पूरे सत्र से निष्कासित करने की बात कही। यहां तक की उन्होंने मार्शलों से यह तक कह दिया कि अतुल प्रधान को उठाकर बाहर फेंक दीजिए। हालांकि स्पीकर के इतना कहने पर भी सपा विधायक शांत नहीं बैठे।
सदन से बाहर आने के बाद भी अतुल प्रधान ने फिर वही तेवर दिखाए। वह सदन से बाहर आने के खुद को निष्कासित करने के विरोध में अन्य सपा विधायकों के साथ धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि विधानसभा अध्यक्ष ने उनको बाहर फेंकने की बात कही है, ये सब करके उनकी आवाज दबाई जा रही है। लेकिन वो डरने या दबने वाले नहीं हैं।
इस घटना का वीडियो अपने एक्स अकाउंट पर शेयर करते हुए अतुल प्रधान ने कहा, 'ग़रीब किसान मज़दूर की आवाज़ बुलंद करने की जिम्मेदारी मुझे हमारे क्षेत्र की महान जनता ने दी है ! हम आज सस्ते, अच्छे ईलाज की माँग सरकार से कर रहें हैं और सरकार के लोगो को इतनी दिक्कत क्यों है ? ये नहीं चाहते की प्रदेश की जनता को अच्छा सस्ता ईलाज मिलें ! हम गरीबों की आवाज़ को निरंतर बुलंद करेंगे !'
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'भारतीय जनता पार्टी के लोग नहीं चाहते की जनता के मुद्दों का समाधान हो, जनता बेहाल स्वास्थय सेवाओं से परेशान है, भाजपा के लोग आम जन के प्रति बिल्कुल चिंतित नहीं हैं, हम गरीब के सस्ते अच्छे ईलाज के लिए हर जगह आवाज को उठाने का काम करेंगे ! आज विधानसभा परिसर मे भाजपा की नीतियों के विरोध में चौधरी चरण सिंह जी की प्रतिमा के सामने बैठकर धरना दिया ! जो हमारे नेता प्रतिपक्ष श्री माता प्रसाद पांडेय जी के आव्हान पर ख़त्म किया गया ! हमारी माँग हैं की ग़रीब को उसका हक मिलना चाहिये !'
Created On :   18 Dec 2024 6:43 PM IST