घोषणापत्र जारी: लोकसभा चुनाव के लिए आरजेडी ने जारी किया 'परिवर्तन पत्र', जवान-किसान-युवा और महिलाओं से किए कई वादे

लोकसभा चुनाव के लिए आरजेडी ने जारी किया परिवर्तन पत्र, जवान-किसान-युवा और महिलाओं से किए कई वादे
  • आरजेडी ने जारी किया 'परिवर्तन पत्र'
  • घोषणा पत्र में किए 24 वादे
  • महिलाओं को हर साल 1 लाख रुपये देने का ऐलान

डिजिटल डेस्क, पटना। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बिहार की प्रमुख विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। चुनावी घोषणापत्र को पार्टी ने 'परिवर्तन पत्र' का नाम दिया है। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी के घोषणापत्र से जुड़ी अहम जानकारी साझा की है। इस दौरान आरजेडी नेता ने बताया कि पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए 24 जनवचन ले कर आई है। पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में महिलाओं को प्रति वर्ष 1 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने के अलावा जनता को लुभाने के लिए कई और वादे भी किए हैं।

महिलाओं को प्रति वर्ष 1 लाख

मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में लाडली बहना योजना से मिले चुनावी लाभ को देखते हुए कई पार्टियां समान योजना ला रही है। दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने भी महिलाओं को प्रत्येक माह निश्चित राशि देने की घोषणा की है। इसके बाद अब आरजेडी ने भी लोकसभा चुनाव में महिला वोटरों को लुभाने के लिए आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। तेजस्वी यादव ने आज एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "इस आने वाले रक्षाबंधन के दिन से गरीब परिवार की महिलाओं को प्रतिवर्ष एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।" इसके अलाव पार्टी ने 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा भी किया है।

युवाओं के लिए नौकरियों का वादा

बिहार में पिछले विधानसभा चुनाव में नौकरी देने के वादे पर आरजेडी के खाते में काफी वोट आए थे। पार्टी एक बार फिर इस फॉर्मूले को अपनाने के मूड में है, यही वजह है कि आरजेडी ने अपने मेनिफेस्टों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा किया है। तेजस्वी यादव ने इसे लेकर एक पोस्ट करते हुए एक्स पर लिखा, "आने वाली 15 अगस्त से देश के युवाओं को बेरोजगारी से आजादी दिलाएंगे। सरकार बनने पर इसी 15 अगस्त से 30 लाख रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 70 लाख नए पदों का सृजन किया जाएगा, यानी कुल 1 करोड़ युवाओं को नौकरी मिलेगी।"

जवान और किसान से लिए ये वादे

आरजेडी ने किसानों और जवानों को भी अपनी मेनिफेस्टो में महत्व दिया है। तेजस्वी यादव ने 4 साल की अग्निवीर योजना को बंद करने के अलावा ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पैरा मिलिट्री फोर्सेस के जवानों को शहीद का दर्जा देने का वादा किया है। वहीं किसानों से 10 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलवाने का वादा किया है। इसके अलावा आरजेडी ने केंद्र में इंडी अलायंस को चुने जाने पर स्वामीनाथन रिपोर्ट की सिफारिसों को पूरे देश में लागू करने का वादा किया है।

बिहार को विशेष राज्या का दर्जा

घोषणा पत्र में किए गए वादों पर बाद करते हुए तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "अगर हम लोग सत्ता में आते हैं, तो बिहार को विशेष राज्य का दर्जा जल्द से जल्द दिलाएंगे। बिहार के विकास के बगैर देश विकसित नहीं हो सकता है।" इसके अलावा तेजस्वी ने केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर बिहार को 1.60 लाख करोड़ का विशेष पैकेज मिलने की बात कही है। आरजेडी ने राज्य में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए 5 एयरपोर्ट बनवाने की भी बात कही है। ये हवाई अड्डे पूर्णिया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज और रक्सौल में बनवाए जाएंगे। आरजेडी ने अपने घोषणा पत्र में मंडल कमीशन की सिफारिशों को लागू करने की भी बात कही है।

Created On :   13 April 2024 5:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story