दिल्ली को मिला नया CM: मुख्यमंत्री बनेंगी रेखा गुप्ता, दिल्ली बीजेपी विधायक दल की बैठक में हुआ बड़ा ऐलान, अब कल शपथ ग्रहण समारोह

मुख्यमंत्री बनेंगी रेखा गुप्ता, दिल्ली बीजेपी विधायक दल की बैठक में हुआ बड़ा ऐलान, अब कल शपथ ग्रहण समारोह
  • दिल्ली की कमान अब रेखा गुप्ता के हाथ में
  • बीजेपी विधायक दल की बैठक में हुआ बड़ा ऐलान
  • दिल्ली चुनाव में बीजेपी को मिली बड़ी जीत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीजेपी ने दिल्ली में मुख्यमंत्री पद के लिए रेखा गुप्ता को चुना है। दिल्ली में बीजेपी विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगी है। ऐसे में अब दिल्ली की कमान रेखा गुप्ता के हाथों में होगी। रेखा गुप्ता अब बुधवार साढ़े बारह बजे रामलीला मैदान में शपथ लेंगी।

बता दें कि, बीजेपी आलाकमान ने विधायक दल की बैठक के लिए ओपी धनखड़ और रविशंकर प्रसाद को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। रेस में प्रवेश वर्मा का नाम शामिल था। लेकिन उन्होंने ही रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा था। जिसके बाद से ही साफ हो गया था कि वह मुख्यमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं।

कौन हैं रेखा गुप्ता?

रेखा गुप्ता दिल्ली के शालीमार बाग से विधायक हैं। उन्हें 68,200 वोट मिले। रेखा गुप्ता ने आप नेता बंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया है। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। साथ ही, मौजूदा समय में वह देश की दूसरी सीएम बनने जा रही हैं। वहीं, बीजेपी की ओर से इस वक्त रेखा गुप्ता पहली सीएम होंगी।

हरियाणा के जींद की रहने वाली रेखा गुप्ता BJP महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। वो दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ की सचिव और अध्यक्ष रही हैं। इसके अलावा 2007 और 2012 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गईं। हालांकि, दिल्ली में पिछले दो विधानसभा चुनाव में उन्होंने जीत नहीं हासिल किया था।

8 फरवरी को बीजेपी को मिली बड़ी जीत

आठ फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए। जिसमें बीजेपी को बड़ी जीत मिली। 11 दिन बाद बीजेपी ने 19 फरवरी की शाम को सीएम पद का ऐलान किया। इस बार के दिल्ली चुनाव में बीजेपी ने 27 साल बाद बड़ी जीत हासिल की है। बीजेपी को राज्य में 70 में से 48 सीटें मिली हैं।

चुनावी नतीजों के बाद से ही बीजेपी खेमे से कई नाम सामने आने लगे थे। जिस पर मीडिया में भी चर्चा थी। लेकिन अब पार्टी ने रेखा गुप्ता को सीएम बनाने का फैसला लिया। सीएम फेस को लेकर सबसे अधिक चर्चा प्रवेश वर्मा की हो रही थी। इस बार के चुनाव में प्रवेश वर्मा ने आप के मुखिया और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को हराया था। ऐसे में पार्टी में उनका कद बढ़ा है। हालांकि, डिप्टी सीएम की कमान प्रवेश वर्मा को मिल सकती है। अभी बीजेपी ने डिप्टी सीएम फेस को लेकर कोई बड़ा ऐलान नहीं किया है।

Created On :   19 Feb 2025 8:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story