लोकसभा चुनाव 2024: रायबरेली की जनता ने इंदिरा गांधी को सिखाया था सबक, प्रियंका ने बताया सीट का 103 साल पुराना इतिहास

रायबरेली की जनता ने इंदिरा गांधी को सिखाया था सबक, प्रियंका ने बताया सीट का 103 साल पुराना इतिहास
  • रायबरेली में राहुल गांधी के समर्थन में प्रियंका ने की जनसभा
  • लोगों के साथ साझा किया 103 साल पुराना किस्सा
  • 1977 में इंदिरा गांधी की हार का किया जिक्र

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव का तीसरा चरण संपन्न हो चुका है। अब सभी दल इस महामुकाबले के आने वाले चरणों की तैयारियों में जुट गए हैं। इसी क्रम में प्रियंका गांधी ने रायबरेली में अपने भाई और कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी के समर्थन में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने रायबरेली और गांधी-नेहरू परिवार के रिश्तों पर बात की। प्रियंका ने क्षेत्र की जनता से 103 साल पुराना किस्सा साझा किया।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि अंग्रेजों के जमाने में जब रायबरेली के किसानों ने अपना हक पाने के लिए आंदोलन किया, तब मोतीलाल नेहरू ने जवाहर लाल नेहरू को उनका सहयोग करने के लिए यहां भेजा था। उसी समय से हमारे परिवार का रायबरेली और यहां के लोगों से खास रिश्ता जुड़ गया। इसके साथ ही प्रियंका ने आपातकाल के बाद इंदिरा गांधी की रायबरेली से हुई हार पर भी बात की।

हारने के बाद नाराज नहीं हुईं इंदिरा गांधी

आपातकाल के बाद 1977 में हुए चुनाव में रायबरेली से इंदिरा गांधी की हार का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि जब आप लोगों को इंदिरा गांधी की कुछ बातें अच्छी नहीं लगीं तो आपने उनको हरा दिया। लेकिन इससे इंदिरा गांधी नाराज नहीं हुईं। बल्कि उन्होंने आत्मचिंतन किया और जब वो दोबारा रायबरेली से चुनाव लड़ीं तो आपने उन्हें जिता दिया। हालांकि अपने संबोधन में प्रियंका ने आपातकाल (इमरजेंसी) का नाम नहीं लिया।

गौरवशाली है रायबरेली की जनता का इतिहास

प्रियंका ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग हमेशा से जागरूक रहे हैं। जब भी आप लोगों को लगा कि गांधी-नेहरू परिवार में से किसी की नीति सही नहीं है तो आपने उन्हें हरा दिया। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि रायबरेली का इतिहास महान और गौरवशाली है। लोग कहते हैं कि रायबरेली गांधी-नेहरू परिवार से जुड़ा है जबकि सच यह है कि हम आपके पास आए थे। रायबरेली का इतिहास ऐसा है कि इस पर आप सभी को गर्व होना चाहिए।

पीछे हटने वालों में से नहीं राहुल

राहुल गांधी के बारे में बात करते हुए प्रियंका ने कहा कि वह पीछे हटने वालों में से नहीं है। उन्होंने 4000 किलोमीटर चलकर देश की यात्रा की है। वह आप लोगों की समस्या सुनने और समझने के लिए पैदल निकले थे। उनकी लड़ाई आपको न्याय दिलाने की है। आज देश में बढ़ रही बेरोजगारी और महंगाई से सभी परेशान हैं। प्रियंका ने कहा कि आज देश में सरकार की कोई ऐसी योजना नहीं है जिससे बेरोजगारों को रोजगार मिल सके। अगर कोई योजना है तो वो सिर्फ राशन देने की है, रोजगार देने की नहीं।

Created On :   8 May 2024 8:57 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story