2 हजार के नोट पर मचा सियासी बवाल, कांग्रेस ने याद दिलाई पुरानी नोटबंदी, जवाब में बीजेपी ने गिनाए फायदे

- सीएम अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी को बताया 'अनपढ़'
- 2 हजार के नोट पर मचा घमासान
- 2000 पर बीजेपी बनाम विपक्ष
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक ने बीते शुक्रवार यानी (19 मई) को एक चौंकाने वाला फैसला लिया और कहा कि, अब देश में 2000 के नोट के सर्कुलेशन को बंद कर दिया जाएगा। बैंक ने कहा कि, 23 मई से 30 सितंबर 2023 तक इन नोटों को आम जनता अपने आस-पास के बैंको में जमा कर सकते हैं, किसी को पैनिक होने की जरुरत नहीं है। आपको बता दें कि, 2000 नोट की छपाई अंतिम बार साल 2019 में की गई थी।
वहीं 2000 नोट के बंद करने के फैसले पर जमकर सियासत हो रही है। विपक्षी दल इस फैसले को लेकर सरकार पर हमलावर हैं और कह रहे हैं कि एक बार फिर केंद्र सरकार पिछली बार की तरह गलती दोहरा रही है। जिसकी वजह से आम जनता को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, सपा समेत कई विपक्षी दल आरबीआई और सरकार के इस फैसले को लेकर अपना विरोध जता रहे हैं। हालांकि, भाजपा के नेता इस फैसले को शानदार और भ्रष्टाचार के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक बता रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी की खरी-खरी
मोदी सरकार और आरबीआई के इस फैसले को कांग्रेस पार्टी ने गलत ठहराया है। कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता और प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, ये मोदी सरकार की गलत निर्णय है ये खौफनाक है। ये फैसले पुरानी यादों को ताजा करने वाले हैं। सुप्रिया ने ट्वीट किया, "2000 के नोट हो रहे हैं बंद। अगर आपके पास है तो 30 सितंबर तक जमा कर सकते हैं लेकिन एक बार में सिर्फ 20,000 रुपये ही बदले जाएंगे, नोटबंदी खौफनाक यादें।"
सीएम गहलोत ने क्या कहा?
2000 के नोट के बंद होने के एलान पर राजस्थान के सीएम और कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता अशोक गहलोत ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, अगर दो हजार के नोट को बंद ही करना था तो लाया ही क्यों? मोदी सरकार पर गहलोत ने आरोप लगाते हुए आगे कहा कि, पहले ही सरकार एक बार गलती कर चुकी है। बिना समय दिए हुए एक दम से नोट बंदी करना कहीं से ठीक नहीं है। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी के तमाम नेता इस फैसले को देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने वाले बता रहे हैं। वहीं एसपी नेता आमीक जामेई ने सरकार परे तंज कसते हुए सवाल पूछा कि 2000 की नोट बंद कर दिया क्या आतंकवाद भ्रष्टाचार पर लगाम लग गई?
'आप' ने क्या कहा?
आम आदमी पार्टी ने भी 2000 नोट के बंद होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पहले बोले 2000 का नोट लाने से भ्रष्टाचार बंद होगा। अब बोल रहे हैं 2000 का नोट बंद करने से भ्रष्टाचार खत्म होगा।" केजरीवाल ने आगे कहा कि, "इसीलिए हम कहते हैं, पीएम पढ़ा लिखा होना चाहिए। एक अनपढ़ पीएम को कोई कुछ भी बोल जाता है। उसे समझ आता नहीं है। भुगतना जनता को पड़ता है।"
भ्रष्टाचार पर सर्जिकल स्ट्राइक- बीजेपी
2000 के नोट के बंद करने के फैसले को बीजेपी के तमाम नेता फायदे गिना रहे हैं। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम एवं राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने इस फैसले को देशहित में बताया है। उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें वो कह रहे हैं कि, इस तरह के फैसले देशहित में लिए जाते हैं। भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगा। साथ ही सुशील मोदी ने ट्वीट किया, "नोटबंदी नहीं यह नोटबदली है काले धन पर दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक है।"
Created On :   20 May 2023 10:53 AM IST