योगी ने फहराया झंडा, बोले पीएम ने आमजन को जोड़ बनाया राष्ट्रीय उत्सव

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमृत महोत्सव में आमजन को जोड़कर इसको राष्ट्रीय उत्सव बनाया है। हमने तो पूरे देश मे मौन मार्च के जरिए विभाजन की त्रासदी को भी स्मरण किया। यह सभी कार्यक्रम हमें अतीत की विरासत के साथ जोड़ते हैं।
मुख्यमंत्री योगी सोमवार को लखनऊ के विधान भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यहीं पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस दौरान दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में कहा कि देश आजादी के 75 वर्ष पूर्ण कर रहा है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्र आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। उन्होंने कहा कि टआजादी का अमृत महोत्सव 75 वर्षों की विकास यात्रा के आत्मावलोकन के साथ-साथ आगामी 25 वर्ष के अमृत काल में नए भारत के निर्माण का भी अवसर है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के उत्सव पर आप सबको बधाई। देश आजादी के 75 वर्षों का साक्षी बन रहा। इन 75 वर्षों में देश ने लंबी यात्रा तय की है। अब तो अमृत काल की नई कार्ययोजना के साथ आगे बढने का अवसर मिला है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को शत शत नमन। देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन। बलिदान देकर भारत को सुरक्षा की गारंटी देने वाले सेनानियों, सैनिकों को विनम्र श्रद्धांजलि।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं तो प्रदेश की विभूतियों का सम्मान और उनके दीर्घ जीवन की कामना करता हूं।
आदित्यनाथ ने कहा कि आज का मौसम भी गवाही दे रहा और प्रकृति भी अपना आशीर्वाद दे रही है। हमने सदी की सबसे बड़ी महामारी का सामना किया है। उस दौरान यूपी की जनता ने आत्म अनुशासन का परिचय दिया। हमारी टीम भाव से काम का परिणाम सबके सामने है। संकट काल में सर्वाधिक टेस्ट करने तथा टीका के साथ सबसे ज्यादा खाद्यान्न उपलब्ध कराने वाला राज्य उत्तर प्रदेश ही बना।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 37 वर्ष बाद कोई सरकार रिपीट हुई है। कोई मुख्यमंत्री लगातार पांच वर्ष काम करके फिर आज सेवा के लिए खड़ा है। सेवा, सुरक्षा, तथा सुशासन हमारी प्राथमिकता है। हमने पांच वर्ष में प्रदेश में 2.61 करोड़ शौचालय, 43 लाख आवास देने के साथ ही साथ घरों तक बिजली पहुंचाई है। 15 करोड़ परिवारों को निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया है। 1.70 करोड़ परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन वितरित किए गये हैं। आज तो यूपी निवेश के ड्रीम डेस्टिनेशन के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी की जीडीपी को दोगुना करने में सफलता मिली है।
पांच वर्ष में यूपी की अर्थव्यवस्था वन ट्रिलियन डॉलर की होगी। यूपी की अर्थव्यवस्था को चार गुना करने पर काम कर रहे हैं। प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आधार कृषि है। पांच वर्ष में अन्न दाता किसानों के लिए योजनाएं चली हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रदेश में दशकों से लंबित योजनाओं को पूरा किया है। किसानों के लिए 21 लाख हेक्टेयर भूमि के सिंचन की सुविधा उपलब्ध कराई है। अब तो प्राकृतिक खेती और तकनीक के साथ हम काम कर रहे हैं। गौवंश भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हमने दस लाख निराश्रित गौवंश की व्यवस्था की है। हम तो नईं हरित क्रांन्ति लेकर आएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्टर्स समिट से हम प्रदेश में चार लाख करोड़ के निवेश लाने में सफल हुए हैं। इसके साथ ही ओडीओपी से भी एक्सपोर्ट 88 हजार करोड़ से बढ़कर 1.56 लाख करोड़ हुआ है।
(आईएएनएस)
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Created On :   15 Aug 2022 1:00 PM IST