कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर ये क्या बोल गई बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर, गरमा सकती है सियासत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की फायर ब्रांड सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने राहुल गांधी को विदेशी महिला का बेटा और भारत का अपमान करने वाला बताया है। जिसके बाद से ही सियासी पारा गर्म होता हुआ नजर आ रहा है। अपने बयानों के जरिए ठाकुर हमेशा ही सुर्खियों में बनी रहती हैं और सांसद राहुल गांधी पर उनके बयान एक बार फिर चर्चा के विषय बन गए हैं। इस पूरे मामले पर कांग्रेस ने भी प्रज्ञा ठाकुर पर हमला बोला है।
प्रज्ञा ने राहुल पर क्या बोला?
दरअसल, प्रज्ञा ठाकुर ने राहुल गांधी पर देश को विदेशी सरजमीं पर अपमान करने का आरोप लगाया है। पिछले दिनों राहुल ने ब्रिटेन में भारत में लोकतंत्र खत्म होने और संसद में विपक्षी नेताओं के माइक बंद करने का आरोप मोदी सरकार पर लगाया था। इसी मुद्दे पर सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया है। प्रज्ञा ठाकुर ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि आचार्य चाणक्य ने कहा था कि "विदेशी महिला से पैदा हुआ बेटा कभी देशभक्त नहीं हो सकता है।" इसी बात को वो सही साबित कर रहे हैं।
राहुल गांधी का जिक्र करते हुए प्रज्ञा ने आगे कहा कि हमने मान लिया है कि वो भारत के नहीं हैं क्योंकि उनकी मां इटली से हैं। इसके अलावा संसद में माइक बंद करने वाले बयान पर प्रज्ञा ने कहा कि कांग्रेस खुद संसद को चलने नहीं देती है, अगर संसद चलने लगे तो काम बहुत तेजी से होंगे, जिससे कांग्रेस का बचा हुआ जो भी वजूद है वो भी खत्म हो जाएगा। यही सब देख राहुल गांधी का दिमाग खराब हो गया है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 11, 2023
देश से निकाल दो- प्रज्ञा
भाजपा नेता प्रज्ञा ठाकुर यहीं नहीं रूकी उन्होंने राहुल गांधी पर देश की जनता का अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि राहुल इस देश के नेता हैं और देश की जनता ने उन्हें चुना है। लेकिन आप विदेशों में जाकर भारत को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। ये भारत की जनता का अपमान है। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि संसद में उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया जाता है। इससे ज्यादा शर्मनाक बात हो ही नहीं सकती। प्रज्ञा ठाकुर ने लोगों से कहा कि राहुल को राजनीति का मौका ही न दें और उन्हें देश से बाहर निकालने का काम करें।
कांग्रेस का पलटवार
सांसद के इस बयान पर मध्यप्रदेश की कांग्रेस पार्टी एक्टिव हो गई है और ठाकुर के इस बयान पर जवाब दिया है। प्रदेश के कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने प्रज्ञा पर पलटवार करते हुए कहा कि आप मालेगांव विस्फोट धमाके में एक आरोपी थीं।
Created On :   12 March 2023 9:18 AM IST