भाजपा शासन में साकार हो रही अंत्योदय से राष्ट्रोदय की परिकल्पना : मुख्यमंत्री

- भाजपा शासन में साकार हो रही अंत्योदय से राष्ट्रोदय की परिकल्पना : मुख्यमंत्री
डिजिटल डेस्क, गोरखपुर। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा का शासनकाल समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति की सत्ता के सिंहासन तक पहुंचने सुफल यात्रा है। यह अंत्योदय से राष्ट्रोदय का साकार होना है। एक सामान्य जनजातीय परिवार की बहन द्रोपदी मुर्मू का राष्ट्रपति पद पर आसीन होना इसी अंत्योदय से राष्ट्रोदय का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री योगी गुरुवार को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर के हम सभी साक्षी बन रहे हैं। यह क्षण गौरवपूर्ण है और महत्वपूर्ण भी। भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनसंघ के संस्थापकों ने जो सपना देखा था और जो संकल्प लिया था वह हमारे लिए मंत्र है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को सत्ता के शीर्ष तक पहुंचाने की जो परिकल्पना की थी आज वह परिकल्पना साकार रूप में देश दुनिया के सामने है। अनुसूचित जनजाति समाज से जुड़ी बहन श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनने का अवसर मिलना पार्टी के महापुरुषों के सपनों को साकार करने जैसा है। यह भारतीय मूल्यों व भारतीय आदशरें का बेहतरीन सम्मान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक अभियान एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने वाला है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें अंत्योदय के लक्ष्यों को प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि क्या कभी किसी ने सोचा था कि ऐसी भी सरकार आएगी जो करोड़ों गरीबों को घर देगी, शौचालय देगी, निशुल्क बिजली व रसोई गैस कनेक्शन देगी। पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह सब संभव हुआ है। देश मे 10 करोड़ गरीब परिवारों को शौचालय बनाकर दिए गए। ये शौचालय नारी गरिमा के साथ विकास के भी प्रतीक हैं। इन शौचालयों के होने से 50 करोड़ों लोग खुले में शौच से होने वाली बीमारियों से मुक्त हो सके हैं। देश में 3 करोड़ गरीबों के आवास बनाए गए, 8 करोड़ गरीब परिवारों को निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, 4 करोड़ गरीबों को निशुल्क बिजली कनेक्शन, 10 करोड़ गरीबों को आयुष्मान कार्ड दिए गए। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में 2.61 करोड़ गरीब परिवारो को शौचालय, 43 लाख को आवास, 1.70 करोड़ को निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, 15 करोड़ को मुफ्त डबल राशन आदि की सौगात दी गई। हर घर को शुद्ध जल के लिए नल से जोड़ा जा रहा है।
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Created On :   18 Aug 2022 10:30 PM IST