राजद ने शुरू किया सदस्यता अभियान, बिहार में अन्य पार्टियों से ज्यादा सदस्य बनाने का लक्ष्य

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अब संगठन को विस्तार देने में जुट गई है। पार्टी ने शनिवार से सदस्यता अभियान की शुरूआत की। पार्टी के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने पार्टी के कुछ पदाधिकारियों को सदस्यता दिलाकर इसकी शुरूआत की।
सदस्यता अभियान की शुरूआत के बाद विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी को मजबूती देने के लिए सबको लगना होगा। उन्होंने बताया कि राजद बिहार विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी है, इस कारण राज्य में अन्य पार्टियों से ज्यादा सदस्य भी होने चाहिए। उन्होंने कहा एक करोड़ से ज्यादा लोगों को सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
लालू प्रसाद ने तेजस्वी को भी पार्टी की सदस्यता दिलाई। तेजस्वी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कि पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद ने पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि हम बिहार की सबसे बड़ी पार्टी हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने हमें वोट किया और जिन्होंने हमें वोट नहीं किया हम उन्हें अपना सदस्य बनाएंगे। सदस्यता अभियान के तहत हम मौजूदा सरकार से लोगों की नाराजगी के खिलाफ अभियान चलाएंगे।
यादव ने कहा कि बिहार में शराबबंदी, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, युवा, किसान, लॉ एंड ऑर्डर की लचर व्यवस्था से नाराजगी है। भाजपा, जदयू के शासन काल में 15 साल की सरकार के बाद भी बिहार देश में सबसे फिसड्डी राज्य है। आखिर इसके लिए जिम्मेदार कौन है। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना कराने की बात मुख्यमंत्री ने की थी, फिर चुप्पी साध ली।
(आईएएनएस)
Created On :   12 Feb 2022 5:01 PM IST