भोपाल में स्वागत से मुर्मू अभिभूत, देश की अपेक्षाएं पूरा करने का किया वादा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। एनडीए की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को भोपाल पहुंची तो यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य का आभार जताते हुए मुर्मू की संघर्ष गाथा का भी जिक्र हुआ। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के रूप में उनसे देश की ढेरों अपेक्षाएं हैं, जिन्हें पूरा करने का प्रयास करूंगी।
मुख्यमंत्री निवास में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मुर्मू के स्वागत में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और गांधी परिवार का नाम लिए बगैर कहा कि पहले जो दल सत्ता में रहते थे, उनका दायरा कुछ परिवारों तक ही सीमित रहता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जिस तरह से पूरे देश से प्रतिभाओं को खोजकर निकालते हैं और उन्हें उपयुक्त जिम्मेदारी देते हैं, वह तरीका अद्भुत है।
चौहान ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति प्रत्याशी घोषित होते ही देश में जो हलचल मची है, वह पहले कभी नहीं दिखी। हमारे विरोधी दलों के लोग भी राजनीति से ऊपर उठकर उन्हें समर्थन दे रहे हैं। यहां तक कि कांग्रेस के अंदर भी ये सवाल उठ रहे हैं कि द्रौपदी क्यों नहीं? चौहान ने कहा द्रौपदी मुर्मू का जीवन सभी के लिए प्रेरक है। वे जिस पद पर रहीं, वहां अपनी छाप छोड़ी और मैं आशा करता हूं कि वे अपनी योग्यता, क्षमता और ईमानदारी से राष्ट्रपति पद की गरिमा को बढ़ाएंगी।
केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल जी ने पहली बार एक महान वैज्ञानिक को राष्ट्रपति बनाकर देश को गौरवान्वित किया था। पिछली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने एक दलित नेता को सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए चुना। इस बार कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि एक आदिवासी महिला को यह अवसर मिलेगा, लेकिन द्रौपदी मुर्मू को प्रत्याशी घोषित करने के निर्णय से पूरा देश आनंदित और उत्साहित है।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर रानी दुर्गावती, टंट्या मामा, शंकर शाह, रघुनाथ शाह जैसे क्रांतिकारी वीरों ने जन्म लिया है। जनजातीय वीरों की इस भूमि पर द्रौपदी मुर्मू का आना हमारे लिए गौरव और आनंद का विषय है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से जनजातीय समाज के विकास की पक्षधर रही है। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस की शुरूआत की और उसके बाद देश में इसकी शुरूआत हुई। वहीं, हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के माध्यम से राजनीति को नई दिशा दे रहे हैं।
राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू भोपाल में किए गए स्वागत से अभिभूत हो गई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के रूप में उनसे देश के जनजातीय समाज की, महिलाओं की, पार्टी की और देश की ढेरों अपेक्षाएं हैं, जिन्हें पूरा करने का प्रयास करूंगी। हमारे प्रधानमंत्री ने देश को आगे बढ़ाने के लिए 25 सालों का रोडमैप बनाया है। एक राष्ट्रपति के तौर पर मैं आप सभी के साथ मिलकर संविधान के दायरे में काम करते हुए देश को आगे बढ़ाने के लिए काम करूंगी।
इस अवसर पर मंच पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, सह प्रभारी पंकजा मुंडे, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते सहित प्रदेश शासन के मंत्री, सांसद विधायकगण उपस्थित थे।
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Created On :   15 July 2022 11:30 PM IST