मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य बिगड़ा, आईसीयू में किया गया शिफ्ट, हॉस्पिटल पहुंचे अखिलेश, सपा ने दी ये जानकारी

डिजिटल डेस्क, गुरुग्राम। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की रविवार को अचानक तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। वहीं मुलायम सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी मिलने के बाद उनके बेटे और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी पत्नी के साथ हॉस्पिटल पहुंच चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक, पहले मुलायम सिंह को प्राइवेट वार्ड में भर्ती किया गया था, लेकिन उनका ऑक्सीजन लेवल कम हो जाने की वजह से उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। जहां डॉक्टर सुशीला कटारिया की देखरेख में उनका ईलाज किया जा रहा है। गौरतलब है कि मुलायम सिंह की हेल्थ बीते कई दिनों से खराब चल रही थी। जिसके चलते उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आज ऑक्सीजन का लेवल कम होने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। इससे पहले भी जुलाई 2021 में उन्हें बेचैनी और घबराहट होने के बाद मेदांता में भर्ती कराया गया था।
जानकारी के मुताबिक पेट दर्द की समस्या से जूझ रहे हैं। वह कई बार इसी समस्या के चलते हॉस्पिटल में भर्ती हो चुके हैं। पिछले साल दिसंबर में पेट दर्द की शिकायत के बाद उन्हें मुंबई के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
पार्टी की ओर से स्वास्थ्य को लेकर दिया गया अपडेट
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) October 2, 2022
समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में संरक्षक मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य को लेकर पार्टी की तरफ से बड़ा अपडेट दिया गया है। पार्टी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से नेताजी के स्वास्थ्य को लेकर ट्वीट किया गया। इस ट्वीट में लिखा, आदरणीय नेताजी गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है। वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
शिवपाल यादव ने मुलायम सिंह के स्वास्थ्य को लेकर ये कहा
मेदांता से मुलायम को देखकर वापस सैफई लौटे उनके भाई और पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने पार्टी के वर्करों से मुलायम सिंह के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करने की अपील की है। उन्होंने सैफई के मिनी पीजीआई में चल रहे संविदा कर्मियों के धरने को समाप्त कराया। उन्होंने सभी से मुलायम सिंह के जल्दी स्वस्थ होने की कामना करने की विनती की। उन्होंने कहा, "मुलायम सिंह यादव मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। हम उनसे मिलकर आए हैं, नेता जी का स्वास्थ्य खराब है, सभी लोग नेताजी के स्वस्थ होने की कामना करें। नेता जी स्वस्थ हो जाएं, सभी लोग धरना खत्म करें।"
राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं ने की जल्दी स्वस्थ होने की कामना
भारत जोड़ो यात्रा पर निकले कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने मुलायम सिंह की तबीयत को लेकर अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, मुलायम सिंह जी की खराब सेहत का समाचार प्राप्त हुआ। मैं उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 2, 2022
वहीं राहुल की बहन प्रियंका गांधी ने भी मुलायम सिंह के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव जी की बिगड़ती सेहत के बारे में सुनकर हम सब चिंतित हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) October 2, 2022
यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुलायम सिंह यादव के जल्दी ठीक हो जाने की कामना की। उन्होंने अपने ट्विटर पर लिखा कि यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव की सेहत खराब होने की मीडिया के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई, मैं भगवाव से उनके स्वस्थ्य होने की कामना एवं प्रार्थना करता हूं।
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) October 2, 2022
Created On :   2 Oct 2022 9:17 PM IST