मध्य प्रदेश: राज्यसभा की दो सीटों पर बीजेपी का कब्जा, कांग्रेस से जीते दिग्विजय सिंह

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में हुए राज्यसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। मध्य प्रदेश में भाजपा ने दो सीटों पर कब्जा जमा लिया है। वहीं कांग्रेस एक सीटे जीतने में कामयाब रही है। बीजेपी की ओर से पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया राज्यसभा चुनाव जीते चुके हैं। इसके अलावा बीजेपी के सुमेर सिंह सोलंकी को भी चुनाव में जीत हासिल हुई है। वहीं कांग्रेस से दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह भी राज्यसभा चुनाव जीते हैं। हांलाकि कांग्रेस के फूल सिंह बरैया हार गए।
कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह को राज्यसभा जाने के लिए 57 वोट मिले। वहीं भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया 56 और सुमेर सिंह सोलंकी को 55 वोट हासिल हुए। इस बीच खबर ऐसी भी सामने आई थी कि गुना से भाजपा विधायक गोपीलाल जाटव ने सिंधिया की जगह क्रॉस वोटिंग की। सुमेर सिंह सोलंकी के पक्ष में दिया गया भाजपा विधायक जुगल किशोर बागड़ी का वोट भी निरस्त हो गया है। इस तरह भाजपा को दो वोटों का नुकसान हुआ है। कांग्रेस के एक विधायक का वोट भी निरस्त हुआ है।
क्रॉस वोटिंग को लेकर भाजपा विधायक गोपीलाल जाटव का कहना है कि बीजेपी मेरी मां है, मैंने अपना वोट सिंधिया को दिया है। मुझे इस पर कोई सफाई नहीं देनी है। सूत्रों की मानें तो गोपीलाल जाटव ने वोटिंग के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया को बधाई दी। हालांकि, इन दो वोटों से भाजपा को राज्यसभा में कोई नुकसान नहीं होगा। वहीं भाजपा विधायक जुगल किशोर बागड़ी का वोट इसलिए निरस्त हुआ क्योंकि उन्होंने गलत मतदान किया। हांलाकि भाजपा विधायक का क्रॉस वोटिंग करना एक गंभीर मामला है।
उम्मीदवार | राजनीतिक दल | जीते/हारे |
ज्योतिरादित्य सिंधिया | भाजपा | जीते |
सुमेर सिंह सोलंकी | भाजपा | जीते |
दिग्विजय सिंह | कांग्रेस | जीते |
फूल सिंह बरैया | कांग्रेस | हारे |
Created On :   19 Jun 2020 8:55 AM IST