गुजरात और हिमाचल प्रदेश में राहुल गांधी के बिना चुनाव लड़ेगी कांग्रेस पार्टी , जानिए कौन संभालेगा पार्टी की कमान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इस साल के अंत में होने जा रहे गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की बागडोर प्रियंका गांधी संभालेंगी। सूत्रों से ऐसी खबर मिल रही है कि कांग्रेस चुनाव का पूरा जिम्मा पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी को सौंपने वाली है। दोनों राज्यों के चुनाव से कांग्रेस मुखिया सोनिया गांधी और राहुल गांधी दूरी बनाकर रखेंगे। इसके पीछे की मुख्य वजह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्तता और सोनिया गांधी का स्वास्थ्य बताया जा रहा है।
गुजरात और हिमाचल प्रदेश का चुनाव सिर पर हैं। ऐसे में चुनाव का जिम्मा कौन संभालेगा, कांग्रेस पार्टी में ये चिंता का सवाल कुछ दिनों से बनते हुए दिखाई दे रहा है। हालफिलहाल इस बड़े सवाल का जवाब कांग्रेस ने तलाश लिया है। कांग्रेस ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी के विकल्प के तौर पर चुनाव प्रचार के मामले में पावरफुल रही प्रियंका को मैदान में उतारने का मन बना रही है। आपको बता दें यूपी की तरह ही कांग्रेस गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव में प्रचार प्रसार का जिम्मा प्रियंका गांधी को देना चाहती है।
कांग्रेस का इलेक्शन प्लान
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी इस रणनीति पर काम कर रही है कि राहुल गांधी देश भर में पार्टी को मजबूत करेंगे और प्रियंका गांधी इन दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव में प्रचार-प्रसार करेंगी। महिला नेता होने के नाते से बीजेपी तथा अन्य दल के नेताओं को प्रियंका गांधी पर सियासी अटैक करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। दूसरी वजह यह भी मानी जा रही है कि कांग्रेस प्रियंका गांधी को चुनाव प्रचार में दोबारा मौका देकर आजमाना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक नवंबर के अंतिम सप्ताह या फिर दिसंबर माह की शुरुआत में गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। उस दौरान भी भारत जोड़ो यात्रा जारी रहेगी, क्योंकि यह यात्रा 5 महीने के लिए निकाली गई है। ऐसे में पार्टी के लिए राहुल गांधी की जगह प्रियंका गांधी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं।
कांग्रेस नेताओं का लगातार पलायन
बता दें कि गुजरात कांग्रेस के सीनियर नेता अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि राज्य में पार्टी के प्रचार-प्रसार का काम प्रियंका गांधी संभालेंगी। प्रियंका गांधी गुजरात में पार्टी प्रचार के लिए जल्द कमान संभाल सकती हैं। फिलहाल गुजरात में कांग्रेस के लिए चिंताजनक हालात बने हुए हैं। जिसकी वजह से प्रियंका गांधी को गुजरात चुनाव में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि गुजरात में पार्टी के सक्रिय नेता हार्दिक पटेल समेत कई अन्य नेता कांग्रेस पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। जिसका खामियाजा कांग्रेस पार्टी को भुगतना पड़ सकता है। प्रियंका गांधी के लिए गुजरात में सबसे बड़ी चुनौती यह रहेगी कि वह अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएं और जनता में भी पार्टी की मौजूदगी को बरकारार रखें। यहीं नहीं इसके अलावा उनके लिए हिमाचल प्रदेश में भी राह आसान नहीं होगी।
वीरभद्र सिंह के बिना पहला चुनाव
6 बार मुख्यमंत्री पद पर रहें वीरभ्रद सिंह के बिना कांग्रेस की राह हिमाचल प्रदेश में भी आसान नहीं दिख रही है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी ने एक नया दांव खेला है। पार्टी ने वीरभ्रद सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को अध्यक्ष पद के तौर पर नियुक्त किया है। अब देखना यह होगा कि हिमाचल प्रदेश में इसका क्या प्रभाव देखने को मिलता है। हालांकि यह भी देखना काफी दिलचस्प को होगा कि राहुल गांधी के बगैर प्रियंका गांधी दोनों राज्यों के चुनाव में क्या कुछ कर पाती हैं। नए राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष के लिए भी यह चुनाव किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं होगा।
Created On :   8 Oct 2022 12:11 AM IST