अदिति सिंह से लेकर पल्लवी पटेल तक, जानिए कैसे रहा यूपी में महिला उम्मीदवारों का प्रदर्शन
![From Aditi Singh to Pallavi Patel, know how women candidates performed in UP From Aditi Singh to Pallavi Patel, know how women candidates performed in UP](https://d35y6w71vgvcg1.cloudfront.net/media/2022/03/from-aditi-singh-to-pallavi-patel-know-how-women-candidates-performed-in-up_730X365.jpg)
डिजिटल डेस्क, दिल्ली। उत्तर प्रदेश के चुनावी नतीजे आ गए है और बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रचंड बहुमत हासिल कर लगातार दूसरी बार सरकार बनाने की तैयारी कर ली है। इस चुनाव में महिला उम्मीदवार भी काफी चर्चाओं में रही।
तो आइये डालते है एक नजर महिला प्रत्याशीयों के प्रदर्शन पर-
पल्लवी पटेल (सपा)
सिराथू सीट से सपा प्रत्याशी पल्लवी पटेल ने सबको चौंकाते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को 6832 वोटों से हरा दिया। कांटे की टक्कर की इस लड़ाई में केशव मौर्य को 98 हजार 941 वोट मिले जबकि सपा की पल्लवी ने 1 लाख 6 हजार 278 वोट हासिल किए।
अदिति सिंह (बीजेपी)
कांग्रेस से बीजेपी में आई अदिति सिंह ने रायबरेली सीट से जीत दर्ज की। उन्होंने सपा के राम प्रताप यादव को 7175 वोटों से मात दी।
रुपाली दीक्षित (सपा)
आगरा के बाहुबली अशोक दीक्षित की बेटी रूपाली दीक्षित को 53392 वोटों से हार का सामना करना पड़ा है। सपा के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरी रूपाली को बीजेपी के छोटे लाल वर्मा ने हराया। आपको बता दे इससे पहले सपा ने यहां से राजेश कुमार शर्मा को प्रत्याशी बनाया था, पर 36 घंटे बाद ही उन्होंने रूपाली को टिकट दे दिया। रुपाली ने लंदन से एमबीए की पढ़ाई की, इसके बाद दुबई की मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी भी की।
पंखुड़ी पाठक (कांग्रेस)
कांग्रेस प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक को नोएडा सीट से हार का मुंह देखना पड़ा। इस सीट से राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह ने 1 लाख 79 हजार वोटों से बहुत बड़ी जीत हासिल कर सबको चौंका दिया। पंकज सिंह ने 244091 तो वहीं पंखुड़ी ने 13485 वोट हासिल किए।
पूजा शुक्ला (सपा)
सीएम योगी आदित्यनाथ को काले झंडे दिखाकर सुर्खियां बटोरने वाली समाजवादी पार्टी से पूजा शुक्ला को भाजपा के डॉक्टर नीरज वोरा के सामने हार का सामना करने पड़ा। वह लखनऊ (उत्तरी) सीट से मैदान में थी।
उरुसा राना (कांग्रेस)
मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी उरुसा राना को कांग्रेस ने उन्नाव सीट से मैदान में उतारा। इस सीट से भाजपा के अनिल कुमार सिंह ने जीत हासिल की है।
रिचा सिंह (सपा)
इलाहबाद वेस्ट सीट से सपा प्रत्याशी रिचा सिंह को भाजपा प्रत्याशी सिद्धार्थ नाथ सिंह के सामने हार का सामना करना पड़ा। रिचा 2016 में तब सुर्खियों में आई थी जब उन्होंने तत्कालीन बीजेपी सांसद योगी आदित्यनाथ के यूनिवर्सिटी दौरे का विरोध किया था। उस दौरान उनके विरोध के चलते योगी का यूनिवर्सिटी दौरा रद्द हो गया था।
काजल निषाद (सपा)
एक्ट्रेस से राजनेता बनी काजल निषाद को गोरखपुर की कैम्पियरगंज सीट पर हार का मुंह देखना पड़ा। काजल को बीजेपी के फतेह बहादुर ने मात दी। काजल ने लापतागंज सीरियल से सुर्खियां बटोरी थी।
निदा अहमद (कांग्रेस)
पत्रकार से नेता बानी न्यूज एंकर निदा अहमद को संभल सीट पर हार का सामना करना पड़ा। उन्हें सपा के इकबाल अहमद ने मात दी।
अर्चना गौतम (कांग्रेस)
हस्तिनापुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अर्चना गौतम को बीजेपी के दिनेश खटीक ने मात दी। वह तीसरे स्थान पर रही जबकि दूसरे नंबर पर सपा के योगेश वर्मा रहे।
चंद्रवती वर्मा (सपा रालोद गठबंधन)
जिम ट्रेनर रह चुकी चंद्रावती वर्मा राठ सीट से सपा रालोद गठबंधन की उम्मीदवार थी। इस सीट से बीजेपी की मनीषा ने जीत दर्ज की। चुनाव से पहले उनका डांस और स्विमिंग कॉस्ट्यूम में वीडियो और फोटो वायरल हुए थे।
Created On :   11 March 2022 2:03 AM IST