चुनाव से पहले मंत्रिमंडल की अटकलें तेज, इन चेहरों पर योगी खेलेंगे बड़ा दांव

- चुनाव से पहले योगी करेंगे मंत्रिमंडल विस्तार!
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2022 में चुनाव हैं। सभी दलों ने चुनाव में उतरने के लिए अपनी कमर कस ली है। तो वहीं भाजपा सरकार और संगठन के स्तर पर जातिय संतुलन को साधने की कोशिश में लग गई है। उत्तर प्रदेश में कैबिनेट विस्तार की चर्चा शुरु हो गयी है। भाजपा कैबिनेट विस्तार के जरिए ब्राह्मण और ओबीसी समुदाय को साधने की कोशिश करेगी।
दिल्ली की बैठक में तय हुए कैबिनेट मंत्रियों के नाम
दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, संगठन मंत्री बी.एल.संतोष और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बीच बैठक हुई। सूत्रों के अनुसार बैठक में मंत्री मंडल विस्तार के लिए चार नामों को फाइनल कर लिया गया है। मंत्री मंडल विस्तार में सहयोगी दलों को भी मौका मिल सकता है। पार्टी इसके जरिए सहयोगी दलों को भी साधने की कोशिश करेगी। आइए जानते हैं उनके बारे में जिनके नाम सामने आ रहे हैं-
जितिन प्रसाद
उत्तर प्रदेश के बड़े ब्राह्मण घराने से ताल्लुक रखने वाले जितिन प्रसाद 2001 में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बनाए गए। 2004 में वह कांग्रेस से अपने गृह जिले शांहजहांपुर की लोकसभा सीट से चुनाव लड़े और जीते भी। उन्हें प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में इस्पात राज्यमंत्री बनाया गया था। इसके बाद उन्होंने 2009 में धौरहरा सीट से जीत दर्ज की। इसके बाद उन्होंने संप्रग सरकार में पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस, सड़क परिवहन और राजमार्ग और मानव, संसाधन विकास राज्यमंत्री जैसे अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। 2014 के लोकसभा चुनाव में उनको हार का सामना करना पड़ा। फिर उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में तिलहर सीट से अपनी किस्मत आजमाई लेकिन वहां भी उनको हार मिली। 2019 के लोकसभा चुनाव में धौरहरा सीट से उन्होंने हार का मुंह देखा। अभी हाल ही में वो बीजेपी में शामिल हुए हैं। उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने की प्रबल संभावनाए हैं।
लक्ष्मीकांत वाजपेयी
उत्तर प्रदेश के बड़े ब्राह्मण चेहरे लक्ष्मीकांत वाजपेयी मेरठ से ताल्लुक रखते हैं। भाजपा के संगठन स्तर पर उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। 2012 में वह उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनाये गए थे। उनके नेतृत्व में पार्टी ने नगर निगम चुनाव और 2014 के लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था। प्रदेश में उनकी ईमानदार नेता की छवि है जो अभी भी स्कूटर पर घूमते हुए दिखाई देते हैं।
विद्यासागर सोनकर
विधासागर सोनकर उत्तर प्रदेश में बीजेपी के बड़े दलित चेहरे हैं। वह बीजेपी से विधान परिषद के सदस्य हैं। पार्टी विधासागर सोनकर के जरिए दलित वोटों को साधने की कोशिश में है।
संजय निषाद
भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी दल निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद है और वर्ष 2016 में बनी इस पार्टी का खास असर निषाद, केवट, मल्लाह, बेलदार और बिंद बिरादियों में अच्छा असर माना जाता है। और गोरखपुर, देवरिया, महारागंज, जौनपुर, संतकबीर नगर, बलिया, भदौही और वाराणसी समेत 16 जिलों में निषाद समुदाय के वोट हार और जीत में बड़ी भूमिका तय करते हैं।
Created On :   24 Aug 2021 5:26 PM IST