केदारनाथ पंहुचे सीएम धामी, यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा

- यात्रा मार्ग पर जरूरत के अनुसार पुलिस फोर्स बढ़ाई जाएगी।
डिजिटल डेस्क, रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। इसके लिए मुख्यमंत्री मंगलवार की सुबह यहां पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने यहां केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा भी की।
धामी के केदारनाथ दौरे को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के छह मई को केदारनाथ आगमन की संभावनाओं से जोड़कर भी देखा जा रहा है। बता दें कि आगामी छह मई को केदारनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।वहीं शासन में उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार अभी तक प्रधानमंत्री का कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं मिला है, लेकिन यदि वह आते हैं तो शासन-प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी हैं।
वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से मोदी को जब भी समय मिलता है, वह बाबा केदार के दर्शन को चले आते हैं। प्रधानमंत्री मोदी की केदारनाथ धाम के प्रति अगाध आस्था है। केदारपुरी पुनर्निर्माण उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारी व कर्मचारियों के साथ एक बैठक की। डीएम ने केदारनाथ यात्रा को बेहतर करने व केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने को अपनी प्राथमिकता बताया। डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि केदारनाथ यात्रा पर आने वाले भक्तों को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी। केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य को गति दी जाएगी। नेशनल हाईवे, ऑलवेदर रोड, रेलवे से जुड़े कार्यों को गति दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि केदारनाथ का निरीक्षण करने के बाद वह यात्रा मार्ग में पार्किं ग और अन्य जरूरी सुविधाएं जुटाने के प्रयास करेंगे। यात्रा मार्ग पर जरूरत के अनुसार पुलिस फोर्स बढ़ाई जाएगी।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि वह स्वयं यात्रा मार्ग का निरीक्षण करेंगे। यात्रियों के दबाव को कैसे कम किया जाए, इसके लिए संतुलित कार्ययोजना बनाई जाएगी। पत्रकार वार्ता में जिलाधिकारी ने कहा कि केदारनाथ यात्रा के लिए सिरोहबगड़ से नगरासू और रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड तक हाईवे को चाक-चौबंद किया जाएगा।
(आईएएनएस)
Created On :   26 April 2022 12:00 PM IST