मप्र में खाली सीटों की संख्या 26: कांग्रेस को बड़ा झटका, नेपानगर से विधायक सुमित्रा देवी भाजपा में हुईं शामिल

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस विधायकों का भाजपा में शामिल होने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है, जो कांग्रेस के लिए सिर दर्द का कारण बन गया है।उपचुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस के एक और विधायक ने आज (शुक्रवार, 17 जुलाई) इस्तीफा दे दिया है। बुरहानपुर जिले के नेपान गगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुमित्रा देवी कास्डेकर ने लिखित में प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा सौंपा। स्पीकर द्वारा उनका इस्तिफा स्वीकार करने के बाद वे भाजपा में शामिल हो गईं। भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलवाई। बता दें कि एक सप्ताह के अंदर कांग्रेस के लिए यह दूसरा बड़ा झटका है। इससे पहले 12 जुलाई को कांग्रेस के विधायक रहे प्रद्युमन सिंह लोधी कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे।
मध्य प्रदेश: भोपाल पार्टी कार्यालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में सुमित्रा देवी कास्डेकर भाजपा में शामिल हुईं। https://t.co/lW6iZcx1rK pic.twitter.com/ki9m7y2RHB
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 17, 2020
अब 26 विधानसभा सीटों पर होंगे उपचुनाव
बता दें कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस के लिए संकट की शुरुआत ज्योतिरादित्य सिंधिया ने की थी जो अपने 22 विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हुए थे। इसके अलावा दो विधायकों के निधन और अब लोधी के बाद सुमित्रा देवी की ओर से इस्तीफा दिए जाने के बाद 26 विधानसभा सीट खाली हो गई हैं, जिन पर उपचुनाव होने हैं।
संविधान का कोई मतलब नहीं रहा: कमलनाथ
वहीं, कमलनाथ ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे (भाजपा) विधायकों से बात कर रहे हैं और उन्हें पैसा और विभिन्न पदों की पेशकश कर रहे हैं। वो (भाजपा) वहां (राजस्थान) में भी सौदा कर रहे हैं, संविधान का कोई मतलब नहीं रहा, बस बोली बोलो और राजनीति करो।
दो सीटें विधायकों के निधन होने से खाली
मुरैना जिले की जौरा सीट से कांग्रेस विधायक बनवारी लाल शर्मा का 21 दिसंबर 2019 को निधन हो गया था। इसी साल 30 जनवरी को आगर-मालवा से भाजपा विधायक मनोहर ऊंटवाल का भी बीमारी के कारण निधन हो गया।
विधानसभा में स्थिति
- मध्य प्रदेश विधानसभा में 230 सदस्य हैं।
- इनमें 22 पहले ही इस्तीफा दे चुके। 2 का निधन हो चुका।
- 26 सीटें खाली होने से विधानसभा में कुल 204 सदस्य।
- कांग्रेस के अब 90 विधायक हैं।
- भाजपा के पास 107 विधायक हैं।
- 4 निर्दलीय, 2 बसपा और 1 सपा का विधायक।
Created On :   17 July 2020 7:11 PM IST