लोकसभा चुनाव 2024: पीएम मोदी पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कसा तंज, बोले - उन्होंने इतना राम का नाम नहीं लिया होगा, जितनी कांग्रेस को गाली दीं

पीएम मोदी पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कसा तंज, बोले - उन्होंने इतना राम का नाम नहीं लिया होगा, जितनी कांग्रेस को गाली दीं
पीएम मोदी पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कसा तंज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान खडडगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पीएम मोदी पर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया। इसके साथ ही उन्होंने इंडिया गठबंधन के चुनाव जीतने का दावा करते हुए कहा, "चार चरण के चुनाव संपन्न हो चुके हैं, इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में है। जनता ने पीएम मोदी की विदाई तय कर दी है। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि 4 जून को इंडिया गठबंधन नई सरकार बनाने जा रही है। 2024 का चुनाव सबसे महत्वपूर्ण चुनाव है, यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। यह दो विचारधाराओं के बीच का चुनाव है।"

'कांग्रेस ने देश को बहुत कुछ दिया'

खड़गे ने कहा, "हमने(कांग्रेस) देश को बहुत कुछ दिया है। महात्मा गांधी ने आजादी दिलाई, जवाहर लाल नेहरु ने लोकतंत्र की बुनियाद डाली, डॉ. बाबा साहब अंबेडकर ने संविधान लिखा। ये लोग(भाजपा) इसे बदलने की कोशिश कर रहे हैं। हम ये नहीं कहते कि हमारे पास इसे साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं है। पहली बार आरएसएस के नेता मोहन भागवत ने कहा था कि अगर हम आएंगे तो हम संविधान में बदलाव लाएंगे। उत्तर प्रदेश में तो भाजपा नेता संविधान बदलने की बातें करते ही रहते हैं और मुझे हैरानी होती है कि पीएम मोदी इस पर चुप बैठे रहते हैं। ये देश, संविधान और लोकतंत्र को बचाने का विषय है। इस पर आप(पीएम मोदी) क्यों नहीं बोलते?"

'पीएम ने राम नाम से ज्यादा कांग्रेस को गाली दी'

खड़गे ने कहा कि इस बार का चुनाव काफी महत्वपूर्ण है, ये दो विपरीत विचारधाराओं के बीच की लड़ाई है। इनमें एक तरफ जहां गरीबों के पक्ष के लोग हैं और दूसरी ओर अमीरों के पक्ष के लोग हैं। हम गरीबों के लिए लड़ रहे हैं, जिन्हें न दोनों वक्त का खाना मिल पा रहा है और न ही रोजगार। उन्होंने कहा, ''पीएम मोदी ने उतना राम का नाम नहीं लिया होगा, जितना उन्होंने कांग्रेस को गाली दिया है।''

खड़गे ने आगे कहा कि सरकार में इतनी नौकरियां खाली है लेकिन केंद्र की मोदी सरकार उसको भरने को तैयार नहीं है। हम भेदभाव मिटाने के लिए, गरीबों की लड़ाई लड़ रहे हैं। मेरे 53 साल के राजनीतिक करियर में ऐसा नहीं देखा जैसा इस बार हो रहा है। ये चुनाव देश का भविष्य बनाने वाला चुनाव है। ये दलित, आदिवासी और पिछड़ों के हक की लड़ाई का चुनाव है। इसी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन इस बार 400 सौ तो छोड़िए 200 पार भी नहीं कर रहा है।

Created On :   15 May 2024 2:01 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story